असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तिल्दा नेवरा पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

तिल्दा नेवरा पुलिस ने क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत अलग-अलग मामलों में कुल 08 आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की। सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर राहगीरों को डराने वाले 02 आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। ग्राम बिलाड़ी में मारपीट के मामले में 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले 04 असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

Aug 30, 2026 - 07:38
 0  2
असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तिल्दा नेवरा पुलिस की प्रभावी कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा नेवरा l रायपुर ग्रामीण पुलिस के निर्देशन में तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विधानसभा वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा क्षेत्र में अड्डेबाजी, चाकूबाजी, मारपीट तथा सार्वजनिक स्थानों पर भय का वातावरण निर्मित करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में कुल 08 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

ग्राम खुडमुड़ी एवं ग्राम रजिया में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर घूमने तथा राहगीरों एवं आम नागरिकों को चाकू दिखाकर भयभीत करने की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपियों की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किए गए। मामले में दानेश्वर टंडन उर्फ जुगरू, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम खुडमुड़ी तथा सूरज चतुर्वेदी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खुडमुड़ी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 366/2026 एवं 367/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई।

इसी तरह दिनांक 28 अगस्त 2026 की रात्रि ग्राम बिलाड़ी के जैतखाम पारा में लक्ष्मीनारायण कोसले के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 365/2026 में धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने दिनेश कुमार पाठक उर्फ टिंगू मेहर, उम्र 21 वर्ष तथा मनीष कुमार वर्मा, उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बिलाड़ी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया।

इसके अतिरिक्त क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले 04 व्यक्तियों—शंकर बघेल, अजीत कुमार बंछोर, कुलेश्वर यादव एवं दया राम ध्रुव—के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, राहगीरों को डराने-धमकाने, मारपीट, अड्डेबाजी अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों की सूचना नजदीकी थाना अथवा डायल 112 पर तत्काल देने की अपील की है।