बीरगांव में 55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और उपमुख्यमंत्री अरुण साव रहे उपस्थित

रायपुर के बीरगांव क्षेत्र में लगभग 55 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों को सम्मानित करने के साथ मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए गए।

Mar 14, 2026 - 18:05
 0  4
बीरगांव में 55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और उपमुख्यमंत्री अरुण साव रहे उपस्थित

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह,रायपुर |बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए शुक्रवार को लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। बुधवार बाजार में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल, उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव तथा रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान राज्य प्रवर्तित योजना के तहत आरटीओ कार्यालय के पीछे रावांभाठा में 156.60 लाख रुपये की लागत से निर्मित उद्यान का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा अधोसंरचना मद के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सीसी सड़क, आरसीसी नाली और अन्य निर्माण कार्यों के कुल 88 कार्यों का भूमिपूजन किया गया, जिनकी कुल लागत लगभग 584.91 लाख रुपये बताई गई।

इन विकास कार्यों को बीरगांव क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को चेक भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें पक्के घर के निर्माण में सहायता मिलेगी।

इसके साथ ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता कर्मियों के योगदान को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बीरगांव छत्तीसगढ़ के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में से एक है और इसके समग्र विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज 55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण कर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं और औद्योगिक सुगमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि बीरगांव केवल एक क्षेत्र नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां के श्रमिकों और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

सांसद अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में पिछले दो वर्षों में बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में लगभग 125 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए जा चुके हैं। वहीं आने वाले पांच वर्षों में लगभग 500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने रायपुर ग्रामीण के विधायक मोतीलाल साहू की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बीरगांव क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

उन्होंने बताया कि बीरगांव में स्वच्छ पेयजल व्यवस्था के लिए 104 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की गई है, जबकि अतिरिक्त 22 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत कराने का प्रयास जारी है। इसके अलावा गली-गली की सड़कों के निर्माण के लिए 6 करोड़ रुपये की राशि भी स्वीकृत की गई है।

कार्यक्रम में बीरगांव महापौर नंदन लाल देवांगन, सभापति कृपाराम निषाद, नेता प्रतिपक्ष ओम प्रकाश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।