भोरमदेव में 6 किमी इको ट्रेल की शुरुआत, इको-टूरिज्म को मिली नई पहचान

कबीरधाम के भोरमदेव अभ्यारण्य में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव और 6 किलोमीटर लंबी भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। इस दौरान 51 काला आम के पौधों का रोपण, 50 हजार सीड बॉल अभियान, एक लाख पौधों के वितरण और बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन व जैकेट वितरित किए गए। इको ट्रेल का संचालन अब प्रत्येक शनिवार और रविवार को किया जाएगा।

Jul 11, 2026 - 16:42
 0  2
भोरमदेव में 6 किमी इको ट्रेल की शुरुआत, इको-टूरिज्म को मिली नई पहचान

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य में प्रकृति संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वन महोत्सव और 6 किलोमीटर लंबी भोरमदेव इको ट्रेल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों के साथ इको ट्रेल का भ्रमण कर जंगल की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन पर्यटन का अनुभव लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद करियामा क्षेत्र में 51 काला आम के पौधों का रोपण कर "काला आम उपवन" की स्थापना की गई। साथ ही जिलेभर में 50 हजार सीड बॉल रोपण अभियान और एक लाख पौधों के वितरण अभियान की शुरुआत की गई। ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर पौधों के वितरण अभियान को रवाना किया गया। बैगा चौपाल कार्यक्रम में बैगा समुदाय के 100 हितग्राहियों को सोलर लालटेन और जैकेट भी वितरित किए गए।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भोरमदेव में जंगल सफारी के बाद अब इको ट्रेल पर्यटकों को घने जंगलों, जैव विविधता और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच एक नया अनुभव प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन सबसे तेजी से बढ़ने वाले क्षेत्रों में शामिल है और इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। होटल, परिवहन, खान-पान, हस्तशिल्प और अन्य छोटे व्यवसायों को भी इसका लाभ मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को नेचर गाइड के रूप में रोजगार मिल रहा है और भविष्य में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से ऐसे अवसर और बढ़ेंगे। उन्होंने लोगों से भोरमदेव की प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के तहत भोरमदेव क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास के लिए 146 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से प्रवेश द्वार, संग्रहालय, पार्क, पार्किंग, मेला स्थल, छेरकी महल, मड़वा महल, रामचूआ और सरोदा बांध सहित कई पर्यटन स्थलों का विकास किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद भोरमदेव राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा।

वन विभाग के अनुसार भोरमदेव इको ट्रेल लगभग 6 किलोमीटर लंबी है, जिसे पूरा करने में तीन से चार घंटे का समय लगेगा। ट्रेल के दौरान प्रतिभागियों को प्रशिक्षित नेचर गाइड के साथ जंगल भ्रमण कराया जाएगा, जहां वे वन्यजीवों, पक्षियों, तितलियों और औषधीय वनस्पतियों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इको ट्रेल का आयोजन प्रत्येक शनिवार और रविवार को किया जाएगा। इसके लिए प्रति प्रतिभागी 1,000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है तथा इच्छुक पर्यटक ऑनलाइन पंजीयन कर इस प्राकृतिक अनुभव का हिस्सा बन सकेंगे।