भानुप्रतापपुर में बीएलओ-सुपरवाइजर प्रशिक्षण बैठक सम्पन्न, 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक चलेगा मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान
भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कांकेर के निर्देशानुसार बीएलओ और सुपरवाइजरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण करेंगे, जिसमें मृत, दोहरे और फर्जी मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे तथा नई प्रविष्टियाँ जोड़ी जाएंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. श्रीराम ढाली, भानुप्रतापपुर। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कांकेर के निर्देशानुसार भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और सुपरवाइजरों की एक दिवसीय एसआईआर बैठक एवं प्रशिक्षण सत्र सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ एवं एसडीएम गंगाधर वाहिले की अध्यक्षता में किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य को समय पर, सटीकता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण करना है।
एसडीएम श्री वाहिले ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण करेंगे। इस अभियान के दौरान वे प्रत्येक परिवार से संपर्क कर मतदाता सूची की सत्यता की जांच करेंगे। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य मृत मतदाताओं के नाम हटाना, स्थायी रूप से निवास बदल चुके व्यक्तियों के नाम विलोपित करना, दो स्थानों पर नाम दर्ज होने पर एक को निरस्त करना तथा फर्जी मतदाताओं की पहचान कर सूची से हटाना है।
श्री वाहिले ने कहा कि मतदाता सूची किसी भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव होती है, इसलिए उसका शुद्ध और अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों से कहा कि वे जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने क्षेत्र में कार्य करें ताकि आगामी निर्वाचन निष्पक्ष और पारदर्शी हो सके।
प्रशिक्षण सत्र में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर श्री टिकेश ठाकुर ने तकनीकी बिंदुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि बीएलओ को अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर गणना पत्र भरना होगा और प्रत्येक मतदाता के विवरण का सत्यापन करना होगा। इस दौरान यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो उसका नया पंजीयन (Form-6) करवाया जाएगा। इसके साथ ही मतदाता अपने पुराने फोटो को अपडेट कर सकते हैं और आवश्यक सुधार (Form-8) के माध्यम से संशोधन भी करा सकते हैं।
प्रशिक्षण में बताया गया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान विशेष ध्यान युवा मतदाताओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर दिया जाएगा ताकि आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में अधिक से अधिक नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग ले सकें।
एसडीएम ने सभी सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ बीएलओ के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट ईआरओ कार्यालय में प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र क्षेत्र में सूची का अद्यतन कार्य समयसीमा के भीतर पूरा हो, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी फील्ड में सक्रिय रूप से मौजूद रहें।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित बीएलओ, सुपरवाइजरों और मास्टर ट्रेनर्स ने मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने का संकल्प लिया।
भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र में यह अभियान लोकतंत्र को मजबूत करने और हर पात्र नागरिक को मतदान अधिकार से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध होगा।