भैंसाओदार में विधायक भावना बोहरा के योग कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योग

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पंडरिया विधानसभा के वनांचल ग्राम भैंसाओदार में विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास किया, जबकि इंडिया गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम ने आकर्षक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

Jun 21, 2026 - 11:23
 0  3
भैंसाओदार में विधायक भावना बोहरा के योग कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योग

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम भैंसाओदार में “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक भावना बोहरा की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में वनांचल क्षेत्र सहित पंडरिया विधानसभा के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना तथा योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था। सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और वरिष्ठजन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम कराए गए, जिससे उपस्थित लोगों को योग के व्यावहारिक लाभों की जानकारी मिली।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण इंडिया गॉट टैलेंट विजेता अबूझमाड़ मल्लखंब टीम की प्रस्तुति रही। बस्तर के सुदूर वनांचल क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी इस टीम ने मल्लखंब योग के रोमांचक प्रदर्शन से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। टीम की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर भावना बोहरा ने कहा कि योग आज केवल भारत की सांस्कृतिक धरोहर नहीं रह गया है, बल्कि यह विश्व मानवता के स्वास्थ्य और कल्याण का प्रभावी माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारतीय योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में करोड़ों लोग योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना चुके हैं।

उन्होंने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है। वर्तमान समय की व्यस्त और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग तनाव कम करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

भावना बोहरा ने पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निःशुल्क मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है, जिसके तहत 20 से अधिक प्रकार की जांचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब तक लगभग 13 हजार लोग इस सुविधा का लाभ ले चुके हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में 8 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवाएं चौबीसों घंटे संचालित की जा रही हैं, जिससे करीब 32 हजार लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता मिल चुकी है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने और स्वस्थ समाज तथा स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।