बेमेतरा में 17 पानी टैंकरों का वितरण, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को मिले पेयजल संसाधन

बेमेतरा जिला पंचायत सभापति एवं भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने अपने निधि मद से 17 पानी टैंकर विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों को सौंपे। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता बढ़ाना और पानी की समस्या से लोगों को राहत देना है।

Aug 3, 2026 - 12:12
 0  2
बेमेतरा में 17 पानी टैंकरों का वितरण, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को मिले पेयजल संसाधन

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l बेमेतरा जिले में पेयजल संकट से राहत दिलाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभापति एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने अपने निधि मद से विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों को कुल 17 पानी टैंकर उपलब्ध कराए। गृहग्राम सिलघट सहित क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण और शहरी इलाकों की मांग को ध्यान में रखते हुए आयोजित कार्यक्रम में टैंकर संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को सौंपे गए।

वितरण कार्यक्रम के दौरान राहुल योगराज टिकरिहा ने स्वयं पंचायत प्रतिनिधियों को पानी टैंकर की चाबियां सौंपी। कुल 17 टैंकरों में से 14 टैंकर ग्राम पंचायतों और 3 टैंकर नगर पंचायतों को दिए गए। ग्राम पंचायत चेटूवा, रवेली, कुरूद, रांका, अच्छोली, बेलौदीकला, खुडमुडा, तेलगा, आनंदगांव, बाँसा, सिलघट, कुम्ही (ख) और कुसमी सहित अन्य पंचायतों को इसका लाभ मिला। वहीं नगर पंचायत बेरला, भिम्भौरी तथा एक अन्य शहरी क्षेत्र को भी पानी टैंकर उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर राहुल योगराज टिकरिहा ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से विभिन्न पंचायतों से पानी टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की जा रही थी। इन टैंकरों के माध्यम से अब गर्मी, जल संकट या अन्य आवश्यक परिस्थितियों में लोगों तक आसानी से पानी पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक आयोजनों में भी इन टैंकरों का उपयोग किया जा सकेगा, जिससे आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है। पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा को सुदृढ़ करने के लिए आगे भी आवश्यक प्रयास जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजय साहू, पोषण वर्मा, प्रणीश रजक, भूपेन्द्र टिकरिहा, विजय वर्मा, त्रिलोचन वर्मा, सूर्यकांत नायक, प्रवीण नीलू राजपूत, गौरव यदु, गौरव द्विवेदी, करण साहू, संदीप परगनिहा, नीरज परगनिहा, प्रणम्य पांडेय सहित भाजपा एवं भाजयुमो के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा बड़ी संख्या में सरपंच, उपसरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने पानी टैंकर उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था मजबूत होगी और जरूरत पड़ने पर लोगों को समय पर पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी कदम बताया।