बस्तर की रेल परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री की पहल से विकास को मिलेगा बढ़ावा: केदार कश्यप

वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से रावघाट-कोंडागांव-जगदलपुर रेल लाइन सहित बस्तर की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को नई गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में विकास, रोजगार और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

Jul 31, 2026 - 11:23
 0  2
बस्तर की रेल परियोजनाओं को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्यमंत्री की पहल से विकास को मिलेगा बढ़ावा: केदार कश्यप

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने बस्तर क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को नई गति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सकारात्मक सहयोग से रावघाट-कोंडागांव-जगदलपुर रेल लाइन सहित अन्य लंबित रेल परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को शीघ्र गति देने का आग्रह किया। इस सकारात्मक पहल के बाद बस्तर क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल परियोजनाओं के आगे बढ़ने की उम्मीद मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि वर्षों से इन परियोजनाओं का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह एक बड़ी राहत और विकास की नई शुरुआत है।

उन्होंने कहा कि बस्तर जैसे आदिवासी बहुल और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में मजबूत रेल संपर्क केवल परिवहन सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह आर्थिक और सामाजिक विकास का मजबूत आधार बनेगा। रेल परियोजनाओं के पूरा होने से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार का विस्तार होगा और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।

मंत्री ने कहा कि बेहतर रेल नेटवर्क बनने से पर्यटन क्षेत्र को भी नई पहचान मिलेगी। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों तक देशभर से पर्यटकों की पहुंच आसान होगी। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी। दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों और मरीजों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। रेल संपर्क मजबूत होने से निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी और बस्तर का औद्योगिक एवं आर्थिक विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

केदार कश्यप ने कहा कि विकसित बस्तर और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रेल परियोजनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बस्तर प्रदेश के विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।

उन्होंने बस्तरवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सतत प्रयासों और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश की आधारभूत संरचना लगातार मजबूत हो रही है और आने वाले समय में इसका लाभ आम नागरिकों तक पहुंचेगा। रेल परियोजनाओं के पूर्ण होने से बस्तर में विकास, रोजगार, व्यापार और जनसुविधाओं के नए आयाम स्थापित होंगे।