गदही तालाब बचाने ग्रीन आर्मी का महाअभियान जारी, 13 सप्ताह से लगातार हो रहा श्रमदान

रायपुर में ग्रीन आर्मी द्वारा गदही तालाब संरक्षण और स्वच्छता के लिए 13 सप्ताह से लगातार महाअभियान चलाया जा रहा है। अभियान में बड़ी संख्या में लोग श्रमदान कर तालाब की सफाई और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे हैं। जनसहभागिता बढ़ने के साथ यह अभियान अब जनआंदोलन का रूप लेता जा रहा है।

May 17, 2026 - 15:43
May 17, 2026 - 15:49
 0  6
गदही तालाब बचाने ग्रीन आर्मी का महाअभियान जारी, 13 सप्ताह से लगातार हो रहा श्रमदान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l ग्रीन आर्मी द्वारा रायपुर के गदही तालाब को बचाने और स्वच्छ बनाने के लिए चलाया जा रहा महाअभियान लगातार गति पकड़ता जा रहा है। रायपुरा जोन के नेतृत्व में पिछले 13 सप्ताह से लगातार तालाब परिसर में सफाई और श्रमदान अभियान संचालित किया जा रहा है। हर सप्ताह लोगों की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि अब यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि जनआंदोलन का रूप ले चुका है।

रविवार को आयोजित अभियान में लगभग 70 लोगों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर तालाब संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य भी शामिल हुए। लोगों का कहना है कि वर्षों बाद तालाब परिसर में इस तरह की सामाजिक एकजुटता और सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

ग्रीन आर्मी द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत तालाब परिसर में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इनमें गार्डन की सफाई, पचरी और पाथवे की सफाई, पाउच, पन्नी और पॉलीथिन हटाना, हनुमान मंदिर परिसर की सफाई, कंटीली झाड़ियों को हटाना, तालाब में गिरे पेड़ों को निकालना और स्ट्रीट लाइट शुरू करवाना शामिल है। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए खंभे भी लगाए गए हैं।

अभियान के दौरान तालाब परिसर से बड़ी मात्रा में कचरा और नुकसानदायक सामग्री निकाली गई। सफाई के दौरान गद्दा, तकिया, साड़ी, पूजन सामग्री, दवाई की स्ट्रिप, इंजेक्शन सामग्री, मेडिकल कचरा, कांच, कील, डिस्पोजल और थर्माकोल जैसी वस्तुएं मिलीं। यह दृश्य इस बात को दर्शाता है कि यदि समय रहते जलस्रोतों की सुरक्षा नहीं की जाए तो वे धीरे-धीरे प्रदूषण और अव्यवस्था की चपेट में आ जाते हैं।

ग्रीन आर्मी लगातार डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान भी चला रही है। संस्था के सदस्य लोगों को तालाब संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं। पम्पलेट वितरण के माध्यम से लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान में संस्था के संस्थापक और प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे, स्थानीय पार्षद महेंद्र औसर सहित डीडीयू नगर जोन, पुरानी बस्ती जोन, टाटीबंध जोन, ब्राह्मणपारा जोन और अमलेश्वर जोन के सदस्य भी शामिल हुए। रायपुरा जोन अध्यक्ष सुबोध कांत निषाद और सचिव मेघराज हरिनखेड़े के नेतृत्व में पूरी टीम लगातार सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य कर रही है।

ग्रीन आर्मी ने बताया कि स्मार्ट सिटी और नगर निगम का भी इस अभियान में सहयोग मिल रहा है। नगर निगम द्वारा नियमित रूप से सफाई कर्मचारियों को भेजा जा रहा है, जिससे अभियान को और मजबूती मिल रही है।

संस्था ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि जलस्रोतों का संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। यदि आज सामूहिक प्रयास नहीं किए गए तो आने वाले समय में जल संकट और पर्यावरणीय समस्याएं और गंभीर हो सकती हैं।

गदही तालाब को बचाने की यह मुहिम अब रायपुर में सामाजिक जागरूकता और जनसहभागिता का मजबूत उदाहरण बनती जा रही है।