कोदागांव से खरगांव तक 3.425 किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन, 3.10 करोड़ की लागत से ग्रामीणों को मिलेगी राहत

कोण्डागांव जिले में विधायक लता उसेंडी ने कोदागांव से खरगांव तक 3.425 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। 3 करोड़ 10 लाख 37 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सड़क से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही चिमड़ी और पाला में अन्य विकास कार्य भी किए जाएंगे।

Oct 22, 2026 - 08:35
 0  3
कोदागांव से खरगांव तक 3.425 किलोमीटर सड़क निर्माण का भूमिपूजन, 3.10 करोड़ की लागत से ग्रामीणों को मिलेगी राहत

UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव l ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर आवागमन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कोण्डागांव जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत चौड़ंग अंतर्गत कोदागांव से खरगांव तक 3.425 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए 3 करोड़ 10 लाख 37 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों, विद्यार्थियों और दैनिक आवागमन करने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष लता उसेंडी ने कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला हैं। बेहतर सड़क सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के अवसर बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों और विद्यार्थियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई सड़क बनने से लोगों को साइकिल और मोटरसाइकिल सहित अन्य वाहनों से आवागमन करने में सुविधा मिलेगी।

विधायक लता उसेंडी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की प्राथमिकता गांवों में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करना है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है।

कार्यक्रम के दौरान लता उसेंडी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अलावा उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पात्र श्रमिकों से पंजीयन कराने की अपील की। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया और प्रत्येक परिवार से पांच नारियल के पौधे लगाने का आग्रह किया।

क्षेत्र में अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी गई। ग्राम पंचायत चिमड़ी में माता मंदिर के पास पांच लाख रुपये की लागत से आहता निर्माण किया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायत पाला में 19 लाख रुपये की लागत से नवीन प्राथमिक शाला भवन का निर्माण प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त पाला में वड्डे पुजारी के घर के पास तीन लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य किया जाना है। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।

सड़क निर्माण के भूमिपूजन पर कोदागांव निवासी बालक दास मानिकपुरी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं हिमानी मानिकपुरी और उनके साथियों ने बताया कि बरसात के दौरान स्कूल आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सड़क निर्माण पूरा होने से विद्यार्थियों को विशेष राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, चौड़ंग सरपंच मंगलू राम नेताम, पाला सरपंच मदनी बाई नेताम, चिमड़ी सरपंच रूपती कोर्राम, चलका सरपंच चुनी बाई सोड़ी, कोकड़ी सरपंच दयाबत्ती मरावी, धंजू मरकाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।