जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 का भव्य शुभारंभ, हजारों खिलाड़ी दिखा रहे प्रतिभा

दंतेवाड़ा में हाई स्कूल ग्राउंड में दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, कलेक्टर कुणाल दुदावत और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। 40 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया है, और 11 खेल विधाओं में प्रतिभागी अपनी योग्यता दिखा रहे हैं।

Nov 22, 2025 - 16:24
 0  32
जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 का भव्य शुभारंभ, हजारों खिलाड़ी दिखा रहे प्रतिभा

 UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में हाई स्कूल ग्राउंड में दो दिवसीय जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2025 का शुभारंभ माँ दंतेश्वरी के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक संस्कृति और उत्साहपूर्ण माहौल में हुई, जहाँ भारी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक  चैतराम अटामी ने अपने उद्बोधन में कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप बस्तर ओलंपिक और बस्तर पंडुम जैसे आयोजन पूरे संभाग की सांस्कृतिक पहचान को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से नई पीढ़ी में अपनी परंपराओं और जड़ों के प्रति गर्व की भावना मजबूत हुई है। विधायक ने यह भी बताया कि इस बार 40 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीयन कराया है, जो खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। गाँव, पंचायत और ब्लॉक स्तर पर चयनित खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले संभाग स्तर पर भी बस्तर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि दंतेवाड़ा के खिलाड़ियों का लक्ष्य सभी खेलों में उत्तम प्रदर्शन करते हुए 100 प्रतिशत सफलता प्राप्त करना होना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर  कुणाल दुदावत ने बताया कि इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में तीन गुना अधिक पंजीयन हुआ है, जो कार्यक्रम की लोकप्रियता का प्रमाण है। उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि इस बार महिला खिलाड़ियों की संख्या पुरुषों से अधिक है, जो खेलों में महिलाओं की प्रगति का प्रतीक है। कलेक्टर ने जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए स्विमिंग पूल, टेनिस कोर्ट और क्रिकेट ग्राउंड जैसी आधारभूत सुविधाओं के निर्माण की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ियों ने वियतनाम में थाई बॉक्सिंग और मणिपुर में घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

खेल नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत सीईओ  जयंत नाहटा ने बताया कि जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक के अंतर्गत खो-खो, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, हॉकी, कराटे, बैडमिंटन और रस्सा खींच सहित 11 खेल विधाएँ शामिल हैं। शुभारंभ अवसर पर बालक-बालिकाओं की 100 मीटर दौड़, तीरंदाजी और वॉलीबॉल मुकाबले भी आयोजित किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष  अरविंद कुजांम, नगर पालिका अध्यक्ष  पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष  सुनीता भास्कर, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित थे।