धान खरीदी पंजीयन और रकबा संशोधन की अंतिम तिथि 25 नवंबर तक बढ़ी

कवर्धा जिले में धान खरीदी हेतु “एकीकृत किसान पोर्टल” पर पंजीयन और रकबा संशोधन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर 2025 कर दी गई है। किसान अपने संबंधित तहसील कार्यालय में जाकर कार्य पूरा कर सकते हैं। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने सभी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Nov 22, 2025 - 16:40
 0  20
धान खरीदी पंजीयन और रकबा संशोधन की अंतिम तिथि 25 नवंबर तक बढ़ी

  UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। खरीफ वर्ष 2025 में किसानों को धान बेचने में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से शासन ने एक महत्त्वपूर्ण निर्णय लेते हुए “एकीकृत किसान पोर्टल” में पंजीयन और रकबा संशोधन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 25 नवंबर 2025 कर दी है। अब शेष कृषक, डूबान/वन पट्टाधारी कृषक तथा कैरीफॉरवर्ड पंजीयन वाले किसान अपने रिकॉर्ड का संशोधन 19 से 25 नवंबर तक करवा सकेंगे। इसके लिए किसानों को अपने संबंधित तहसील कार्यालय में जाकर पंजीयन कार्य और रकबा संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।

कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा ने सभी तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयावधि में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उल्लेखनीय है कि खरीफ वर्ष 2025 के लिए एकीकृत किसान पोर्टल में नवीन पंजीयन और रकबा संशोधन की समय-सीमा प्रारंभ में 01 जुलाई से 31 अक्टूबर 2025 तक निर्धारित थी।

किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन ने एक सप्ताह का अतिरिक्त समय उपलब्ध कराया है, जिसकी व्यवस्था पोर्टल के तहसील लॉगिन में की गई है। इससे अधिक से अधिक किसानों को पंजीयन एवं रकबा संशोधन का लाभ मिल सकेगा और धान खरीदी प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सकेगी।