रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई: 10 दिनों में 53 वाहन जब्त, दो यात्री बस चालकों को पकड़ा गया
एसएसपी रायपुर के निर्देश पर चलाए जा रहे ड्रंक एंड ड्राइव अभियान में 10 दिनों में 53 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। दो यात्री बस चालकों के शराब पीकर बस चलाने की पुष्टि होने पर बसें जब्त की गईं और चालकों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
UNITED NEWS OF ASIA. हसिब अख्तर, रायपुर | में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के लिए एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा देर रात विशेष ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत नशे की हालत में वाहन चलाते पाए जाने वाले चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत वाहन जब्त कर प्रकरण न्यायालय में भेजा जा रहा है। अब तक कुल 1432 नशेड़ी चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है, जिन पर माननीय न्यायालय द्वारा 10,000 से 15,000 रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया गया है तथा लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जा रही है।
दिनांक 10 नवंबर से 20 नवंबर तक चले अभियान में पुलिस ने 29 कार, 14 मोटरसाइकिल, 07 मालवाहक वाहन, 01 ई-रिक्शा और 02 यात्री बस सहित कुल 53 नशे में ड्राइविंग के मामलों में कार्रवाई की है।
आज भाठागांव बस स्टैंड पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह द्वारा यात्री बस चालकों की विशेष जांच की गई। जांच में शर्मा बस सर्विस की रायपुर–सरायपाली रूट की बस के चालक के शरीर में 124 mg/100ml तथा राजिम–रायपुर रूट की बस के चालक में 57 mg/100ml अल्कोहल की पुष्टि हुई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दोनों बसों को जब्त कर लिया गया तथा यात्रियों को अन्य बसों से भेजा गया। दोनों चालकों के विरुद्ध प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रायपुर डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन, तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री सतीश ठाकुर एवं श्री गुरजीत सिंह के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर चेकिंग अभियान की निगरानी कर रहे हैं ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।