बलरामपुर में बिजली बिल बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस का घेराव, पुलिस से तीखी नोकझोंक
बलरामपुर जिले में बिजली बिलों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस के साथ तीखी नोकझोंक हुई और चांदो चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन भी किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. नेमिश अग्रवाल, बलरामपुर l बलरामपुर, छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों में हुई बढ़ोतरी को लेकर सियासत गरमा गई है। जिले में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जिला अध्यक्ष हरिहर यादव के नेतृत्व में बिजली विभाग के कार्यालय का घेराव किया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़े हुए बिजली बिलों को वापस लेने की मांग की। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने चांदो चौक पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन भी किया। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार लगातार आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन उस समय और उग्र हो गया जब कांग्रेसी कार्यकर्ता बिजली विभाग कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिस बल और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। मौके पर तैनात टीआई भूपेंद्र साहू और कांग्रेस नेताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस और कहा-सुनी भी हुई। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और किसी बड़े विवाद को टाल दिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरिहर यादव ने मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिजली दरों में बढ़ोतरी कर आम जनता का शोषण कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बढ़े हुए बिजली बिलों को वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
हरिहर यादव ने कहा कि यह लड़ाई केवल पार्टी की नहीं बल्कि जनता के हितों की है और इसे पूरे जिले में जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसमें व्यापक जनभागीदारी होगी।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए महंगाई और बिजली दरों में वृद्धि को लेकर नाराजगी जताई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपने की बात भी कही।