बालोद में बेटे ने माता-पिता पर किया जानलेवा हमला, पुलिस ने कुछ घंटों में किया गिरफ्तार

बालोद जिले के ग्राम जमरूवा में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शादी समारोह में हुए विवाद के बाद बेटे ने अपने ही माता-पिता पर लोहे की पूजन-छुरी से हमला कर दिया। घटना में माता गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।

May 7, 2026 - 10:49
 0  4
बालोद में बेटे ने माता-पिता पर किया जानलेवा हमला, पुलिस ने कुछ घंटों में किया गिरफ्तार

UNITED NEWS  OF ASIA. सुनील साहू बालोद l छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के ग्राम जमरूवा में एक बेटे ने मामूली पारिवारिक विवाद के बाद अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और लोग हैरान रह गए कि आखिर कोई बेटा अपने मां-बाप के साथ इतनी क्रूरता कैसे कर सकता है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जमरूवा निवासी गणेश देवांगन (62 वर्ष) ने थाना बालोद में शिकायत दर्ज कराई कि 04 मई 2026 की शाम लगभग 7 बजे वे अपनी पत्नी कुमारी बाई देवांगन के साथ घर में बैठे हुए थे। इसी दौरान उनका पुत्र प्रमोद देवांगन गुस्से में घर पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पूजा कक्ष में रखी लोहे की पूजन-छुरी निकाल ली और अपने माता-पिता पर हमला कर दिया।

हमले में कुमारी बाई देवांगन को सिर और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं, जबकि गणेश देवांगन के दाहिने हाथ की उंगली घायल हो गई। घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल दंपति को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस पूछताछ में आरोपी प्रमोद देवांगन ने बताया कि वह एक शादी समारोह में गया हुआ था, जहां उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान उसके पिता ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन प्रमोद को लगा कि उसके पिता ने उसका साथ नहीं दिया। इसी बात से नाराज होकर वह गुस्से में घर लौटा और माता-पिता पर हमला कर बैठा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बालोद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 214/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 331(6), 109 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बोनीफॉस एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गौकरण भंडारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी प्रमोद देवांगन (32 वर्ष) को हिरासत में ले लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की छुरी भी बरामद कर ली गई। बाद में आरोपी को 05 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।