कवर्धा महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विविध कार्यक्रम, तिरंगा रैली से लेकर रंगोली तक हुआ आयोजन

कवर्धा के आचार्य पंथ श्री गृध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न देशभक्तिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तिरंगा रैली, हस्ताक्षर अभियान, तिरंगा रंगोली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम और तिरंगा प्रतिज्ञा के माध्यम से विद्यार्थियों ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

Aug 20, 2026 - 08:47
 0  3
कवर्धा महाविद्यालय में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विविध कार्यक्रम, तिरंगा रैली से लेकर रंगोली तक हुआ आयोजन

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। आचार्य पंथ श्री गृध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कवर्धा में हर घर तिरंगा अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न देशभक्तिपूर्ण एवं राष्ट्रभावना से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में तथा हिंदी विभाग के प्रो. नरेंद्र कुमार कुलमित्र के संयोजन में किया गया।

अभियान की शुरुआत के तहत 10 अगस्त को महाविद्यालय परिसर से तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी एवं एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम के नारे लगाए और राष्ट्रीय एकता तथा अखंडता का संदेश दिया।

13 अगस्त को तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने तिरंगा कैनवास पर हस्ताक्षर किए। साथ ही “जय हिंद” और “वंदे मातरम्” सहित विभिन्न देशभक्तिपूर्ण संदेश लिखकर राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं।

14 अगस्त को “वंदे मातरम्” थीम पर तिरंगा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने तिरंगे के रंगों और राष्ट्रभावना को केंद्र में रखते हुए आकर्षक रंगोलियां तैयार कीं। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ देशप्रेम की भावना को भी प्रदर्शित किया।

15 अगस्त को महाविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का सामूहिक गान किया गया। इसके बाद आयोजित “तिरंगा संगीत कार्यक्रम” में विद्यार्थियों ने विभिन्न देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर महाविद्यालयीन स्टाफ और छात्र-छात्राओं ने तिरंगा प्रतिज्ञा ग्रहण की। सभी ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने तथा अपने नागरिक कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

अभियान के दौरान महाविद्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेकर हर घर तिरंगा वेबसाइट पर अपलोड की। इस तरह विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार ने डिजिटल माध्यम से भी अभियान में सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।

प्राचार्य डॉ. ऋचा मिश्रा ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों, एनसीसी, एनएसएस स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं की सराहना की।