PM आवास योजना को गति: गुण्डरदेही में 2949 अधूरे घरों के लिए सघन संपर्क अभियान

बालोद के गुण्डरदेही विकासखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 2949 अधूरे आवासों को पूरा कराने के लिए एक दिवसीय सघन संपर्क अभियान चलाया गया।

Apr 18, 2026 - 12:00
 0  12
PM आवास योजना को गति: गुण्डरदेही में 2949 अधूरे घरों के लिए सघन संपर्क अभियान

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत अधूरे और अप्रारंभ आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के उद्देश्य से बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखंड में ‘एक दिवसीय सघन संपर्क अभियान’ आयोजित किया गया।

यह अभियान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में चलाया गया, जिसमें कुल 2949 अपूर्ण और अप्रारंभ आवासों को प्राथमिकता में लेकर कार्रवाई की गई।

अभियान का मुख्य उद्देश्य हितग्राहियों से सीधे संपर्क कर निर्माण कार्य में आ रही समस्याओं का समाधान करना और उन्हें जल्द से जल्द आवास पूर्ण करने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस दौरान जनपद पंचायत गुण्डरदेही के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामवार नियुक्त नोडल अधिकारियों ने गांव-गांव पहुंचकर घर-घर निरीक्षण किया। प्रत्येक ग्राम में लगभग 25 से 30 आवासों का जायजा लिया गया और हितग्राहियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं जानी गईं।

निरीक्षण में सामने आया कि कई हितग्राही निर्माण सामग्री की कमी, मजदूरी और तकनीकी मार्गदर्शन जैसी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया गया।

अधिकारियों ने हितग्राहियों को शासन की मंशा के अनुरूप समय-सीमा में आवास निर्माण पूरा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही रेन वाटर हार्वेस्टिंग, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे उपायों को अपनाने की भी सलाह दी गई।

इस अभियान के माध्यम से न केवल निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने का प्रयास किया गया, बल्कि हितग्राहियों में योजना के प्रति जागरूकता और सहभागिता भी बढ़ी है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, जनपद पंचायत गुण्डरदेही के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।