लोकतंत्र की पाठशाला बना अशोका पब्लिक स्कूल, बहुभाषीय शपथ के साथ छात्र संसद ने संभाली जिम्मेदारी
कवर्धा के अशोका पब्लिक स्कूल में स्टूडेंट्स पार्लियामेंट इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य आयोजन हुआ। लोकतांत्रिक चुनाव से चुने गए छात्र प्रतिनिधियों ने बहुभाषीय शपथ लेकर जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन पर जोर दिया गया। साथ ही कक्षा 10वीं और 12वीं के टॉप-10 विद्यार्थियों को हवाई यात्रा से वृन्दावन दर्शन कराने की घोषणा भी की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l अशोका पब्लिक स्कूल में आयोजित स्टूडेंट्स पार्लियामेंट इन्वेस्टिचर सेरेमनी लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी का प्रेरणादायी उदाहरण बनी। लोकतांत्रिक मतदान प्रक्रिया से चुने गए छात्र प्रतिनिधियों ने बहुभाषीय शपथ लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा, दीप प्रज्ज्वलन और माँ शारदा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। लायंस क्लब के गवर्नर प्रेमचंद श्रीश्रीमाल, अध्यक्ष आनंद दानी, चेयरमैन पर्सन नीरज मंजीत छाबड़ा, वरिष्ठ सदस्य अजय गुप्ता तथा राजेश वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विद्यालय के स्काउट्स दल ने मार्चपास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया, जबकि छात्राओं ने स्वागत गीत और शास्त्रीय नृत्य से समारोह को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
विद्यालय के संचालक पवन देवांगन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, जागरूक और संवेदनशील नागरिक तैयार करना भी है। उप-प्राचार्य लोकनाथ देवांगन ने छात्र संसद की अवधारणा को विस्तार से समझाते हुए बताया कि विद्यालय में भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का व्यवहारिक स्वरूप विद्यार्थियों को समझाने के लिए प्रत्येक कक्षा को एक राज्य के रूप में परिकल्पित किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, प्रशासनिक समझ और उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
विद्यालय में प्रधानमंत्री, दो उप-प्रधानमंत्री, सचिव, 25 मुख्यमंत्री, 60 सांसद, 115 विधायक तथा कलेक्टर, एसपी और जज सहित विभिन्न प्रशासनिक पदों के लिए लोकतांत्रिक चुनाव कराए गए। प्रधानमंत्री अक्षत वैष्णव, उप-प्रधानमंत्री रेहान खान और वासुदेव वैष्णव तथा सचिव निधि चंद्रवंशी सहित सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपने पद की शपथ ली। समारोह की विशेषता बहुभाषीय शपथ रही, जिसमें प्रधानमंत्री और उप-प्रधानमंत्रियों ने अंग्रेजी, सांसदों और विधायकों ने हिन्दी तथा मुख्यमंत्रियों ने संस्कृत भाषा में शपथ ग्रहण की।
मुख्य अतिथियों ने सभी छात्र पदाधिकारियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आनंद दानी ने विद्यार्थियों के अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिभा की सराहना करते हुए घोषणा की कि इस शैक्षणिक सत्र में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यालय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 विद्यार्थियों को अपने निजी व्यय पर हवाई यात्रा के माध्यम से वृन्दावन दर्शन कराया जाएगा। इस घोषणा का विद्यार्थियों और अभिभावकों ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम में गीत, कविता, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। अंत में नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करने तथा अनुशासन, सेवा और नेतृत्व की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प दोहराया। राज्यकीय गीत के सामूहिक गायन के साथ समारोह का गरिमामय समापन हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक सोच, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।