कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के संचालक पवन देवांगन, संचालिका सारिका देवांगन तथा उप-प्राचार्य लोकनाथ देवांगन के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद छात्र प्रतिनिधियों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय में आयोजित छात्र चुनाव के माध्यम से अक्षत वैष्णव को प्रधानमंत्री, रेहान खान एवं वासुदेव वैष्णव को उप-प्रधानमंत्री तथा निधि चंद्रवंशी को सचिव चुना गया। इसके अलावा 25 मुख्यमंत्री, 60 सांसद और 115 विधायक भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के जरिए निर्वाचित हुए। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी की भावना और लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करना है।
कार्यक्रम की सबसे विशेष आकर्षक प्रस्तुति बहुभाषीय शपथ ग्रहण रही। प्रधानमंत्री और उप-प्रधानमंत्रियों ने अंग्रेजी भाषा में, सांसदों और विधायकों ने हिंदी में तथा मुख्यमंत्रियों ने संस्कृत भाषा में शपथ ली। शपथ उप-प्राचार्य लोकनाथ देवांगन ने दिलाई। इसके बाद मुख्य अतिथियों ने सभी नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में आनंद दानी ने विद्यालय के विद्यार्थियों के अनुशासन, प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि इस शैक्षणिक सत्र में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यालय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 विद्यार्थियों को उनके निजी व्यय पर हवाई यात्रा के माध्यम से वृंदावन दर्शन कराया जाएगा। इस घोषणा का विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
समारोह के दौरान स्वागत गीत, शास्त्रीय नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। अंत में राज्य गीत के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक और छात्र उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल की सराहना की।