जनचौपाल में अरुण साव ने ग्रामीणों से किया संवाद, विकास कार्यों का प्रस्तुत किया रिपोर्ट कार्ड

लोरमी क्षेत्र के झलरी, झिरिया और सरगढ़ी गांवों में आयोजित जनचौपाल में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रामीणों से संवाद कर विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने नई विकास योजनाओं की घोषणा की और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर ग्रामीणों से फीडबैक लिया।

Jun 19, 2026 - 11:33
 0  2
जनचौपाल में अरुण साव ने ग्रामीणों से किया संवाद, विकास कार्यों का प्रस्तुत किया रिपोर्ट कार्ड

UNITED NEWS OF ASIA.लोरमी l लोरमी विकासखंड के ग्राम झलरी, झिरिया और सरगढ़ी में आयोजित जनचौपाल कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक Arun Sao ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। बरगद और आम के पेड़ों की छांव में आयोजित इन जनचौपालों में उन्होंने क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया और केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की।

जनचौपाल के दौरान अरुण साव ने ग्रामीणों से योजनाओं के क्रियान्वयन, स्थानीय समस्याओं और विकास कार्यों की स्थिति पर फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है और ग्रामीणों के सुझाव विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सरगढ़ी में आयोजित जनचौपाल के दौरान उप मुख्यमंत्री ने पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों के लिए शीतल पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु वॉटर कूलर प्रदान किया। उन्होंने बताया कि गांव में नए स्कूल भवन निर्माण के लिए 23 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा 1.85 करोड़ रुपये की लागत से बालक छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सरगढ़ी और झिरिया में 5-5 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।

झिरिया में ग्रामीणों के साथ चर्चा करते हुए अरुण साव ने कहा कि सरकार गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिली है। ग्रामीणों द्वारा झिरिया से नवापारा बाजार मार्ग की खराब स्थिति की जानकारी दिए जाने पर उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर सड़क निर्माण की दिशा में पहल करने के निर्देश दिए।

झलरी में आयोजित जनचौपाल में अरुण साव ने क्षेत्र में स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गांव में अटल सद्भावना भवन का निर्माण कार्य जारी है, जबकि आश्रित ग्राम चचेरी में बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 25 लाख रुपये की लागत से गौरव पथ निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि झलरी क्षेत्र में लगभग 1.80 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में लोरमी क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, जिनका लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है। सड़क, शिक्षा, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से गांवों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुंचाना और लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत, जनपद पंचायत और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, सरपंच, उपसरपंच और ग्रामीण उपस्थित रहे। जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और सुझाव साझा किए, वहीं विकास कार्यों को लेकर संतोष भी व्यक्त किया। यह आयोजन जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी मंच साबित हुआ।