अंबिकापुर में सजेगा ऐतिहासिक अग्र महाकुंभ-2026, CM साय करेंगे शुभारंभ; महिला-युवा शक्ति और पारिवारिक मूल्यों का होगा संगम
छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा 19 और 20 सितंबर 2026 को अंबिकापुर में अग्र महाकुंभ-2026 का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय आयोजन में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि, महिला-युवा शक्ति, उद्यमी और समाजसेवी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 19 सितंबर को उद्घाटन करेंगे। आयोजन में अग्र-मंथन, महिला और युवा अधिवेशन, कवि सम्मेलन, स्वास्थ्य सत्र, अग्र अलंकरण और परिवारोत्सव प्रमुख आकर्षण होंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. अंबिकापुर में 19 और 20 सितंबर 2026 को अग्र महाकुंभ-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन द्वारा अग्रवाल सभा अंबिकापुर और सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के आतिथ्य में आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन एवं दशम अग्र अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों से अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी, उद्यमी, युवा और महिला प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन की थीम ‘सेवा, शक्ति और सामर्थ्य का संगम’ रखी गई है।
19 सितंबर को दोपहर 12 बजे आयोजित उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलभूषण मित्तल करेंगे। राष्ट्रीय संरक्षक सियाराम अग्रवाल, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री तथा आयोजन के संरक्षक राजेश अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज सहित कई विशिष्टजन कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
आयोजन के पहले दिन सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक ‘अग्र-मंथन-2026’ का आयोजन होगा। इस सत्र में समाज की वर्तमान स्थिति, बदलते सामाजिक परिवेश, संगठन की भूमिका, नई पीढ़ी की भागीदारी और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके बाद उद्घाटन सत्र के पश्चात दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक महिला अधिवेशन होगा। इसमें महिला शक्ति, सामाजिक सहभागिता, संगठन और भविष्य की दिशा से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसी दौरान ‘अग्र कुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी प्रस्तावित है।
शाम 5 से 6 बजे तक युवा अधिवेशन में युवाओं की भूमिका, नेतृत्व, उद्यमिता और समाज निर्माण में नई पीढ़ी की भागीदारी पर संवाद होगा। इसके बाद शाम 6 से 8 बजे तक सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें अंबिकापुर की महिलाओं और बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। पहले दिन रात 8 बजे से अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें दिल्ली के कुशल कुशलेन्द्र, उज्जैन के हिमांशु बवंडर, सूरत की सोनल जैन और इटावा के देवेंद्र प्रताप ‘आग’ अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
20 सितंबर की शुरुआत सुबह 6:30 से 7:45 बजे तक योग और तनावमुक्त जीवनशैली शिविर से होगी। इसके बाद सुबह 10 से 11:30 बजे तक ‘खुला संवाद—समाज से, समाज के लिए’ कार्यक्रम होगा। इसमें समाज की आवश्यकताओं, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर चर्चा के साथ आधुनिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और संभावनाओं पर कार्यशाला भी आयोजित की जाएगी।
दूसरे दिन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्वास्थ्य संबंधी विशेष सत्र होगा। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े विषयों पर जानकारी देंगे। डॉ. बी. बी. अग्रवाल, डॉ. अनिमेष चौधरी, डॉ. आंचल अग्रवाल चौधरी, डॉ. विकास गोयल और डॉ. विकास कुमार अग्रवाल सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों के मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है।
आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण छत्तीसगढ़ स्तरीय दशम अग्र अलंकरण समारोह-2026 होगा। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं और समाजसेवी व्यक्तित्वों को 18 अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा। चयनित प्रतिभाओं को 11 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि, प्रशस्ति-पत्र और स्मृति-चिह्न प्रदान किए जाएंगे। शाम 5 बजे प्रसिद्ध प्रेरक वक्ता मनीष वाघसिया द्वारा ‘परिवारोत्सव—प्रेम, विश्वास और संस्कारों का उत्सव’ प्रस्तुत किया जाएगा, जिसमें परिवार, रिश्तों, पीढ़ियों के बीच संवाद और भारतीय संस्कारों पर केंद्रित संदेश दिया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार अग्र महाकुंभ का उद्देश्य समाज के विभिन्न आयु वर्गों को एक मंच पर जोड़ना और सेवा, संगठन, स्वास्थ्य, संस्कार तथा नई पीढ़ी की भागीदारी को मजबूत करना है। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, संयोजक सुभाष गोयल और कन्हैयालाल अग्रवाल सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों और नगरों से प्रतिनिधियों की सहभागिता को लेकर उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि अंबिकापुर से समाज की एकजुटता, सेवा भावना, पारिवारिक मूल्यों और युवा शक्ति को लेकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।