पेंड्रा में गूंजा ‘युवा फॉर विकसित भारत – नशा मुक्त यात्रा’, जिला विजेता अब राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा में आयोजित "युवा फॉर विकसित भारत – नशा मुक्त यात्रा" कार्यक्रम में युवाओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश दिया। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।

Aug 6, 2026 - 19:13
Aug 6, 2026 - 19:15
 0  7
पेंड्रा में गूंजा ‘युवा फॉर विकसित भारत – नशा मुक्त यात्रा’, जिला विजेता अब राज्य स्तर पर दिखाएंगे प्रतिभा

UNITED NEWS OF ASIA. अवास कैवर्त, गौरेला पेंड्रा मरवाही l भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा पेंड्रा में आयोजित "युवा फॉर विकसित भारत – नशा मुक्त यात्रा" कार्यक्रम में युवाओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पेंड्रा स्थित हाई स्कूल के असेंबली हॉल में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना था।

कार्यक्रम का आयोजन "युवा शक्ति, राष्ट्र शक्ति – नशा मुक्त यात्रा, युवा फॉर विकसित भारत" थीम पर किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, लोकगीत, चित्रकला, नृत्य, भाषण, स्लैम पोयट्री, नारा लेखन और लघु फिल्म जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। युवाओं ने अपनी कला और अभिव्यक्ति के जरिए समाज को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्त रहने और समाज को भी नशे की बुराइयों से मुक्त करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार बनेगा। युवाओं की ऊर्जा और सकारात्मक सोच ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

विशेष अतिथि जिला पंचायत सदस्य राजेश नंदिनी आमों ने युवाओं से शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। वहीं जिला पंचायत सदस्य पवन पैकरा ने प्रतिभागियों के उत्साह और रचनात्मकता की सराहना करते हुए उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में वीरांगना रानी दुर्गावती महाविद्यालय मरवाही की टीम, चित्रकला में अदिति सिंह, लोकगीत में गायत्री, कात्यानी श्याम एवं साथियों, नारा लेखन में लक्ष्मी, नृत्य में प्रीति एवं टीम, वाद-विवाद एवं भाषण में श्रेयांश पांडे और मानस अग्रवाल, लघु फिल्म में शौर्य जायसवाल तथा स्लैम पोयट्री में काम्या ने जिला स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष रूप से किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माय भारत बिलासपुर संभाग के वरिष्ठ अकाउंटेंट सोनी ने की। उन्होंने सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं से नशामुक्त, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली एवं महाविद्यालयीन छात्र-छात्राएं, शिक्षक, युवा स्वयंसेवक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं का उत्साह देखने को मिला। अब जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।