ठाकुरटोला टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में 4 किलो गांजा, नकदी और एक कार जब्त की गई। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Jun 11, 2026 - 12:07
 0  2
ठाकुरटोला टोल प्लाजा पर बड़ी कार्रवाई, 4 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. नेमिश अग्रवाल, राजनांदगांव l जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमनी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को 4 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, नकदी और तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 66 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर के पर्यवेक्षण में जिले में अपराध नियंत्रण और सार्वजनिक शांति बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी सोमनी दिलीप पटेल के नेतृत्व में थाना सोमनी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा सघन नाकाबंदी की जा रही थी।

दिनांक 10 जून 2026 को ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन क्रमांक CG 08 BE 0156 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के भीतर चार अलग-अलग पैकेटों में कुल 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा आरोपियों के पास से 12 हजार 500 रुपये नकद भी मिले।

पुलिस ने मौके से फैजल अंसारी (24 वर्ष), निवासी शक्तिनगर वार्ड नंबर 19, थाना कोतवाली राजनांदगांव, नील गिडवानी (24 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी, थाना बसंतपुर राजनांदगांव तथा अतुल गोस्वामी (26 वर्ष), निवासी दुर्गा चौक लखोली, थाना कोतवाली राजनांदगांव को गिरफ्तार किया।

जांच में बरामद गांजा की अनुमानित कीमत 54 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त तस्करी में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने गांजा, नकदी और वाहन सहित कुल 7 लाख 66 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों का कृत्य नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत दंडनीय पाया गया है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आवश्यक पूछताछ और साक्ष्य संकलन के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी दिलीप पटेल, उपनिरीक्षक बलदाऊ चंद्राकर, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक संजीत जायसवाल, पूनम साहू, प्रधान आरक्षक डुलेश्वर साहू तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।