सूने मकान में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, 20 हजार का माल बरामद

जांजगीर-चांपा जिले में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी क्रांति राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी के आभूषण, राधा-कृष्ण की मूर्ति, चांदी का सिक्का, घड़ियां और नगदी समेत करीब 20 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Sep 19, 2026 - 07:35
 0  2
सूने मकान में चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, 20 हजार का माल बरामद

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर-चांपा l जांजगीर-चांपा जिले में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, चांदी का सिक्का, राधा-कृष्ण की मूर्ति, घड़ियां और नगदी रकम सहित करीब 20 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक प्रार्थी शुभ्रकांत पाण्डेय निवासी बनारी ने 16 सितंबर 2026 को थाना जांजगीर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी ने बताया कि 15 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे वह अपने निजी काम से जांजगीर गया हुआ था। दोपहर करीब 3 बजकर 15 मिनट पर जब वह वापस अपने घर पहुंचा, तो मकान के पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखने पर कमरे में रखी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था।

अलमारी की जांच करने पर उसमें रखे चांदी के पायल, सिक्के, मूर्ति और कुछ नगदी रकम गायब मिली। प्रार्थी के अनुसार चोरी गए सामान और नगदी की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये थी। शिकायत के आधार पर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 749/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(3) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस को नैला निवासी क्रांति राठौर पर संदेह हुआ। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की, जिसके बाद उसका मेमोरंडम कथन लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी के पायल, राधा-कृष्ण की मूर्ति, चांदी का सिक्का, टाइटन की घड़ी, डिजिटल घड़ी, सिक्के और नगदी रकम समेत कुल करीब 20 हजार रुपये का सामान बरामद किया। मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य पाए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रांति राठौर, पिता लकेश्वर राठौर, उम्र 30 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 6 नैला, चौकी नैला, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जांजगीर निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर और भीम श्रीवास का सराहनीय योगदान रहा।