चांपा में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चांपा के समलाई मंदिर परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के माध्यम से सेवा, समर्पण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

Sep 19, 2026 - 07:52
 0  2
चांपा में प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित

UNITED NEWS OF ASIA. हितेश पाण्डेय, जांजगीर चांपा l जांजगीर-चांपा जिले के चांपा स्थित समलाई मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘आशीर्वाद का दीया’ पहल के माध्यम से लोगों ने सेवा, समर्पण और सकारात्मकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर की शाम 7 बजे मंदिर परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य समाज में सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना बताया गया।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदेशवासियों से अपील की थी कि वे 17 सितंबर की शाम अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर सेवा, आभार और सकारात्मक सोच के इस सामूहिक अभियान का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह आशा, सद्भाव और सेवा भाव का भी संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि जब प्रदेशभर में एक साथ दीप प्रज्ज्वलित होंगे, तो यह जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प की शक्ति को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल दीप जलाने तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों के सम्मान, बच्चों के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरण संरक्षण और समाजहित के अन्य सकारात्मक कार्यों से भी जोड़ा जाए।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सेवा कार्यों के लिए बड़े संसाधनों की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि संवेदनशीलता और सहयोग की भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है। समलाई मंदिर परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सेवा और जनभागीदारी का संदेश देने वाला रहा।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।