रायपुर प्रेस क्लब के खेल मड़ई-2026 का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, खिलाड़ियों और बच्चों का हुआ सम्मान

रायपुर प्रेस क्लब के वार्षिक खेल महोत्सव "खेल मड़ई-2026" के पुरस्कार वितरण समारोह में मंत्री खुशवंत साहेब और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं, चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों और पूर्व वर्षों की लंबित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। समारोह में पत्रकारों के बीच खेल संस्कृति और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

Aug 3, 2026 - 16:42
 0  4
रायपुर प्रेस क्लब के खेल मड़ई-2026 का पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न, खिलाड़ियों और बच्चों का हुआ सम्मान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित वार्षिक खेल महोत्सव "खेल मड़ई-2026" का पुरस्कार वितरण समारोह मधुकर खेर स्मृति प्रेस क्लब भवन में उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि मंत्री खुशवंत साहेब और विशिष्ट अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे। दोनों अतिथियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता, उपविजेता और सेमीफाइनलिस्ट खिलाड़ियों के साथ-साथ विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता बच्चों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान किए।

कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप निगम, रमेश नैयर, सत्येंद्र गुमाश्ता, देवेन्द्र कर और योगेश यदु के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद खेल महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।

खेल मड़ई-2026 के अंतर्गत इंटर प्रेस क्रिकेट, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 300 पत्रकारों और खिलाड़ियों ने भाग लिया। इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता में इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त टीम विजेता बनी, जबकि विस्तार न्यूज इलेवन उपविजेता रही। आईबीसी-24 और एस जर्नो की टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचीं।

बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं के एकल एवं युगल वर्ग के विजेताओं और उपविजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही पूर्व वर्षों में आयोजित प्रतियोगिताओं के लंबित पुरस्कारों का भी वितरण किया गया, जिसे प्रतिभागियों ने सराहनीय पहल बताया।

समारोह के दौरान विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्राथमिक, जूनियर, ओपन और स्पेशल कैटेगरी के विजेता बच्चों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी बच्चों को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मंत्री खुशवंत साहेब ने कहा कि पत्रकारों के लिए खेल गतिविधियां शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ-साथ आपसी समन्वय और सौहार्द को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रेस क्लब द्वारा वर्तमान प्रतियोगिताओं के साथ-साथ पूर्व वर्षों के लंबित पुरस्कारों का वितरण किए जाने की सराहना की।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि दिवंगत वरिष्ठ पत्रकारों की स्मृति में आयोजित खेल प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी को पत्रकारिता के मूल्यों से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने प्रेस क्लब को वरिष्ठ पत्रकारों के जीवन और योगदान पर आधारित प्रकाशन तैयार करने का सुझाव भी दिया।

समारोह में प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े, खेल आयोजन समिति के संयोजक विजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ और युवा पत्रकार, खिलाड़ी, बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमृता शर्मा ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।