पाण्डातराई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 89 पौवा अवैध देशी शराब जब्त; 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के पाण्डातराई थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए रखी 89 पौवा देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से सूरज मानिकपुरी को गिरफ्तार किया। जब्त शराब की कुल मात्रा 16.20 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 7,120 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

Aug 8, 2026 - 17:13
 0  2
पाण्डातराई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 89 पौवा अवैध देशी शराब जब्त; 18 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम l जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कबीरधाम पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पाण्डातराई थाना पुलिस ने अवैध रूप से देशी शराब बिक्री के लिए रखे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 89 पौवा देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल मात्रा 16.20 बल्क लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 7,120 रुपये है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के पर्यवेक्षण में की गई।

जानकारी के मुताबिक 7 अगस्त 2026 को पाण्डातराई थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाण्डातराई स्थित अमन चखना दुकान के सामने एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री करने के उद्देश्य से शराब लेकर खड़ा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा।

पुलिस ने मौके पर आरोपी की पहचान सूरज मानिकपुरी, पिता तारन दास मानिकपुरी, उम्र 18 वर्ष 2 माह, निवासी ग्राम घोघरापारा, वार्ड क्रमांक 08, थाना पण्डरिया के रूप में की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक प्लास्टिक बोरी बरामद हुई। बोरी के अंदर बिक्री के लिए रखी 89 नग पौवा रोमियो देशी प्लेन मदिरा मिली।

पुलिस के अनुसार प्रत्येक पौवा में 180 एमएल शराब भरी हुई थी। इस तरह शराब की कुल मात्रा 16.20 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 7,120 रुपये आंकी गई। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर लिया।

अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने के मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी की और उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

कबीरधाम पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के साथ-साथ जुआ, सट्टा तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला, सउनि रूपेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक राधेश्याम चंद्रवंशी, जावेद खान तथा आरक्षक रोहित मरावी, शिवाकांत शर्मा, पुरुषोत्तम वर्मा, राधेश्याम सोनवानी, छोटे लाल यादव और ईश्वर चंद्रवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।