गुरुकुल पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज

कवर्धा स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय जिला स्तरीय अंतर्विद्यालयीन अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले और आसपास के क्षेत्रों की 11 स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। उद्घाटन मुकाबले में गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने दिशा पब्लिक स्कूल को 1-0 से हराया। शनिवार को प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

Aug 7, 2026 - 17:26
 0  2
गुरुकुल पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का शानदार आगाज

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा के प्रतिष्ठित गुरुकुल पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय जिला स्तरीय अंतर्विद्यालयीन अंडर-19 फुटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों की कुल 11 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के जोश, अनुशासन और खेल कौशल ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा विद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला क्रीड़ा अधिकारी संदीप गोविलकर, सह जिला क्रीड़ा अधिकारी दिनेश कुमार साहू, वरिष्ठ क्रीड़ा शिक्षक जितेंद्र जांगड़े सहित विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, प्रशासक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में गुरुकुल पब्लिक स्कूल, अभ्युदय पब्लिक स्कूल, रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय छुईखदान, एकाडेमिक वर्ल्ड स्कूल बेमेतरा, स्वामी आत्मानंद विद्यालय बोड़ला, स्वामी आत्मानंद विद्यालय कवर्धा, दिल्ली पब्लिक स्कूल, दिशा पब्लिक स्कूल तथा अन्य विद्यालयों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पहला मुकाबला गुरुकुल पब्लिक स्कूल और दिशा पब्लिक स्कूल, कवर्धा के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला रोमांचक रहा, लेकिन गुरुकुल पब्लिक स्कूल ने एकमात्र गोल करते हुए 1-0 से जीत दर्ज कर अगले चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।

दूसरे मुकाबले में दिल्ली पब्लिक स्कूल और अभ्युदय पब्लिक स्कूल के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन दिल्ली पब्लिक स्कूल ने एक गोल की बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

तीसरा मैच स्वामी आत्मानंद नवीन हिंदी माध्यम विद्यालय, कवर्धा और अशोका पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। यह मुकाबला प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ। दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन अंत में अशोका पब्लिक स्कूल ने 3-2 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले शनिवार को गुरुकुल पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित किए जाएंगे। विजेता और उपविजेता टीमों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

संस्था के अध्यक्ष ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। विद्यालय प्रबंधन ने भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों, निर्णायकों और प्रतिभागी विद्यालयों का आभार व्यक्त किया।