रायपुर में गहराया जल संकट: निगम की नाकामी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का बिरगांव निगम कार्यालय पर प्रदर्शन आज

राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते पेयजल संकट और नगर निगम की कथित लापरवाही के विरोध में आम आदमी पार्टी ने 11 मई को बिरगांव नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी का आरोप है कि शहर के कई वार्डों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं, जबकि प्रशासन समस्या के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है।

May 11, 2026 - 11:42
 0  3
रायपुर में गहराया जल संकट: निगम की नाकामी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का बिरगांव निगम कार्यालय पर प्रदर्शन आज

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। राजधानी रायपुर में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर अब राजनीतिक विरोध भी तेज होने लगा है। शहर के विभिन्न इलाकों में पानी की भारी किल्लत से परेशान लोगों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि नगर निगम आम जनता को नियमित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है। इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी द्वारा सोमवार 11 मई 2026 को बिरगांव नगर निगम कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।

पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बिरगांव के वार्ड क्रमांक 32 में एकत्रित होंगे। इसके बाद निगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आम आदमी पार्टी का कहना है कि राजधानी के कई वार्डों में जल संकट भयावह रूप ले चुका है और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं।

पार्टी नेताओं के अनुसार शहर में लगातार गिरते जलस्तर और जल आपूर्ति व्यवस्था की अव्यवस्था के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। कई मोहल्लों में लोगों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है, जबकि कुछ क्षेत्रों में टैंकरों के भरोसे जल आपूर्ति की जा रही है। हालात ऐसे हैं कि टैंकर पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग पानी भरने के लिए उमड़ पड़ते हैं। महिलाओं और बच्चों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।

आम आदमी पार्टी ने निगम प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते जल संकट को लेकर कोई ठोस योजना नहीं बनाई गई, जिसके कारण आज आम जनता परेशान हो रही है। पार्टी का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी की मांग में इजाफा हुआ, लेकिन निगम की तैयारियां नाकाफी साबित हुईं। कई इलाकों में पाइपलाइन व्यवस्था कमजोर है, वहीं नियमित जलापूर्ति नहीं होने से नागरिकों में आक्रोश बढ़ रहा है।

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के माध्यम से पार्टी प्रशासन का ध्यान आम लोगों की समस्याओं की ओर आकर्षित करना चाहती है। आम आदमी पार्टी ने नगर निगम से मांग की है कि प्रभावित वार्डों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, टैंकरों की संख्या बढ़ाई जाए तथा पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए तत्काल कार्ययोजना बनाई जाए।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क पर उतरेगी और जब तक समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।