गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नवपदस्थ कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन से जिला प्रेस क्लब की सौजन्य भेंट, जमीनी समस्याओं पर हुई चर्चा
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नवपदस्थ कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन से जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने सौजन्य भेंट की। इस दौरान जिले की बुनियादी समस्याओं जैसे भू-माफिया, शिक्षा, स्वास्थ्य, यातायात और स्वच्छता से जुड़ी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रशासन जनता की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और मीडिया की भूमिका विकास में महत्वपूर्ण है।
UNITED NEWS OF ASIA. अवास कैवर्त l गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के नवपदस्थ कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन से जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कलेक्टर कार्यालय में सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रेस क्लब के सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया और जिले की विभिन्न जमीनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
बैठक के दौरान कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि वे इस नवगठित जिले की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि उनका कार्यालय आम नागरिकों के लिए हमेशा खुला रहेगा, ताकि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या सीधे प्रशासन तक पहुंचा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक प्रशासनिक अधिकारी का सबसे बड़ा दायित्व जनता की सेवा करना होता है।
कलेक्टर ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया शासन और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है। कई बार ऐसी समस्याएं भी सामने आती हैं जो प्रशासन की नजर से छूट जाती हैं, लेकिन मीडिया के माध्यम से वे मुद्दे उजागर होते हैं। उन्होंने कहा कि वे मीडिया से सकारात्मक सहयोग और सुझावों की अपेक्षा रखते हैं, जिससे जिले के विकास कार्यों को और गति मिल सके।
जिला प्रेस क्लब अध्यक्ष सिद्दीकी ने कलेक्टर को जिले में सक्रिय भू-माफियाओं द्वारा फर्जी नक्शा बनवाकर सरकारी जमीनों की खरीद-फरोख्त किए जाने के मामलों से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और यातायात जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर भी चर्चा की।
प्रेस क्लब सचिव योगेंद्र सिंह नहरेल ने बताया कि आदिवासी बाहुल्य मरवाही विकासखंड शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में अभी भी पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक उपेक्षा के कारण क्षेत्र का समग्र विकास बाधित हो रहा है। इस पर कलेक्टर ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
संयुक्त सचिव अजीत गहलोत ने जिले में प्रसूता महिलाओं में रक्ताल्पता (एनीमिया) की गंभीर स्थिति की ओर ध्यान आकर्षित किया। वहीं पत्रकार तनवीर आलम ने नगर में यातायात व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता बताई। पत्रकार राजेंद्र सोनी ने ग्रामीण क्षेत्रों में नल-जल योजना की स्थिति और बाजारों में सफाई व्यवस्था की कमी का मुद्दा उठाया।
इन सभी मुद्दों को कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन ने गंभीरता से सुना और कहा कि संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर इन समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष ज्ञानचंद शर्मा, मुरारी रैदास, उमेश अग्रवाल, संतोष नामदेव, तनवीर आलम, तापस शर्मा, राकेश राजपूत, गौरव जैन, सुहैल आलम, सौरभ अग्रवाल, सूरज यादव, प्रयास कैवर्त, वीरेंद्र पांडे, राजेंद्र सोनी सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में पत्रकारों ने कलेक्टर को जिला प्रेस क्लब के प्रतीक चिन्ह का अवलोकन भी कराया। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और इसे जिले के विकास के लिए सकारात्मक पहल माना जा रहा है।