बेमेतरा में PM किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त का सीधा प्रसारण, 228 किसानों ने देखी योजना की सौगात
बेमेतरा के कृषि विज्ञान केन्द्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करने का सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू सहित जनप्रतिनिधियों और 228 किसानों ने सहभागिता की।
UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त जारी होने के अवसर पर बेमेतरा के कृषि विज्ञान केन्द्र में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के बैंक खातों में 18,680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित करने के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान जिले के किसानों ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर केंद्र सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू शामिल हुए। कार्यक्रम में जनपद सदस्य सुशील टंडन, ग्राम झाल की सरपंच प्रीति कमलेश वर्मा सहित कुल 228 किसानों ने सहभागिता की। इस अवसर पर कृषि अवसंरचना कोष के अंतर्गत विकसित 521 इकाइयों के राष्ट्र को समर्पण और 12 हॉर्टिकल्चर क्लस्टर्स के शुभारंभ का सीधा प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक बनाने और खेती-किसानी को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता का माध्यम है। इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में सीधे राशि भेजी जाती है, जिससे उन्हें बीज, खाद और खेती से जुड़ी अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है।
उन्होंने कहा कि देश के अन्नदाता किसानों का सम्मान और उनका आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसान समृद्ध होंगे, तभी गांव और देश समृद्ध होंगे। उन्होंने किसानों से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के साथ आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, फसल विविधीकरण और फसल अवशेष प्रबंधन को अपनाने की अपील की। विधायक ने कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों और कृषि विभाग के अधिकारियों से गांव-गांव पहुंचकर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों और शासन की योजनाओं की जानकारी देने का आग्रह भी किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. जितेंद्र जोशी ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने बेलर मशीन (Baler Machine) के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि इसकी सहायता से धान की पराली को गट्ठरों में परिवर्तित किया जा सकता है। इससे फसल अवशेषों का बेहतर प्रबंधन करने और पराली जलाने की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है।
सह संचालक कृषि डॉ. श्याम लाल साहू ने कहा कि किसानों को मिलने वाली आर्थिक सहायता खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में उपयोगी साबित होती है। उन्होंने किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. ए.के. सिंह, अधिष्ठाता रवेंद्र सिंह वर्मा कृषि महाविद्यालय, ढोलिया ने किसानों को नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित 228 किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी होने का सीधा प्रसारण देखा और कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न पहलों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ आधुनिक और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना रहा।