कवर्धा में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास, 15 अगस्त को लखन लाल देवांगन करेंगे ध्वजारोहण
कवर्धा में 15 अगस्त को होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। मुख्य समारोह आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में होगा, जहां उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह में 10 प्लाटून की परेड तथा जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति और छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त 2026 के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कवर्धा के आचार्य पंथ श्री गृंधमुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया। जिले के प्रभारी एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद वे परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा जनता के नाम जारी संदेश का वाचन करेंगे।
कलेक्टर गोपाल वर्मा के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूर्वाभ्यास के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा, परेड की सलामी और निरीक्षण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का अभ्यास किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, अमित पटेल, एसडीएम चेतन साहू, एसडीओपी आशीष शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 9 बजे शुरू होगा। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण के बाद पुलिस और नगर सैनिकों की टुकड़ियों द्वारा सलामी दी जाएगी। परेड में कुल 10 टुकड़ियां शामिल होंगी। इनमें 17वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ बल, जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, नगर सेना, वन विभाग, एनसीसी बालक एवं बालिका विंग तथा जिला गाइड टीम के दल शामिल हैं।
इस वर्ष परेड का प्रतिनिधित्व रक्षित निरीक्षक पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह करेंगे, जबकि द्वितीय कमांडर प्रशिक्षु सूबेदार पायल प्रधान होंगी। विभिन्न प्लाटून का नेतृत्व प्रशिक्षु उप निरीक्षक, कमांडर, सार्जेंट और दल नायिका करेंगे। परेड के दौरान पुलिस बैंड के सदस्य भी देशभक्ति की धुनों के साथ प्रस्तुति देंगे।
10 प्लाटून होंगी शामिल
स्वतंत्रता दिवस परेड में 17वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ बल से प्रशिक्षु उप निरीक्षक खिलेंद्र देवांगन, जिला पुलिस बल से प्रशिक्षु उप निरीक्षक अभिमन्यु साहू, जिला पुलिस बल महिला से प्रशिक्षु उप निरीक्षक सत्या नेताम, नगर सेना से प्रशिक्षु उप निरीक्षक विनय सोनकर, वन विभाग से भोलाराम साहू, एनसीसी बालक पीजी कॉलेज से पंकज धुर्वे और एनसीसी बालिका पीजी कॉलेज से भूमिका घठोले शामिल होंगी।
इसके अलावा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय के एनसीसी बालक दल से सारजेंट लीलाधर सिंह राजपूत, बालिका दल से सारजेंट दिव्या पटेल तथा जिला गाइड टीम से दल नायिका ज्योति राजपूत परेड में शामिल होंगी।
विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
मुख्य समारोह में कबीरधाम जिले के पांच अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी देशभक्ति, छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति और ग्रामीण परिवेश पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। समारोह की शुरुआत रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, दिशा पब्लिक स्कूल और सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों की एरोबिक्स प्रस्तुति से होगी।
इसके बाद अभ्युदय स्कूल कवर्धा, कस्तूरबा गांधी आवासीय छात्रावास कवर्धा, दिशा पब्लिक स्कूल, स्वामी आत्मानंद स्कूल दुर्गावती चौक और पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल सिग्नल चौक के विद्यार्थी देशभक्ति नृत्य प्रस्तुत करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा समारोह को गरिमामय और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं। अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, परेड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।