मैग्नेटो मॉल में भव्य ‘योग लेजेंड्स’ समारोह, 51 योग गुरुओं का सम्मान

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रायपुर के मैग्नेटो मॉल में आयोजित ‘योग लेजेंड्स’ समारोह में 51 योग गुरुओं का सम्मान किया गया। एरोबैटिक योग के रोमांचक प्रदर्शन, संगीत कार्यक्रम और योग जागरूकता संदेशों ने आयोजन को विशेष बनाया।

Jun 23, 2026 - 11:07
 0  2
मैग्नेटो मॉल में भव्य ‘योग लेजेंड्स’ समारोह, 51 योग गुरुओं का सम्मान

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज और छत्तीसगढ़ योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर के मैग्नेटो मॉल में आयोजित ‘योग लेजेंड्स’ समारोह भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में योग, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिला, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों, व्यापारियों, सामाजिक प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने भाग लिया।

समारोह का मुख्य आकर्षण प्रदेश के 51 प्रतिष्ठित योग गुरुओं और योग विशेषज्ञों का सम्मान रहा। मंच पर उपस्थित अतिथियों और आयोजकों ने योग के प्रचार-प्रसार तथा समाज को स्वस्थ बनाने में योगदान देने वाले योगाचार्यों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाने वाले व्यक्तित्वों को सम्मान देना और समाज में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के दौरान पेशेवर योग साधकों द्वारा प्रस्तुत एरोबैटिक योग ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। साधकों ने हवा में संतुलन बनाते हुए कठिन योग मुद्राओं और पार्टनर योग का प्रदर्शन किया। शरीर की लचक, एकाग्रता और संतुलन के अद्भुत प्रदर्शन ने उपस्थित लोगों को रोमांचित कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

समारोह में प्रसिद्ध गायक धीरज ने अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया। भजन और प्रेरणादायक गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में आध्यात्मिकता और उत्साह का अनूठा समावेश किया। उनकी प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा और कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजन के अंत में लकी ड्रा का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।

चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाती है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और स्वस्थ व्यापारी वर्ग ही प्रदेश और देश की प्रगति का आधार बन सकते हैं। उन्होंने सभी लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया।

कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, राधाकिशन सुंदरानी और जसप्रीत सिंह सलूजा ने कहा कि ‘योग लेजेंड्स’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। वहीं छत्तीसगढ़ योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष गोस्वामी जयंत विष्णु भारती और सचिव डॉ. मेजर सिंह ने योग को आत्मा, मन और शरीर के संतुलन का विज्ञान बताते हुए युवाओं से योग को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में महापौर मीनल चैबे ने ‘करें योग-रहें निरोग’ का संदेश देते हुए लोगों को नियमित योग करने के लिए प्रेरित किया। पार्षद एवं एमआईसी सदस्य अनामिका सिंह ने भी स्वास्थ्य जागरूकता के लिए इस तरह के आयोजनों की सराहना की। आयोजन में ब्रह्माकुमारी संस्था की प्रतिनिधि ने योग और ध्यान को मानसिक शांति तथा सकारात्मक जीवन का आधार बताया।

भव्य आयोजन के सफल संचालन में चेम्बर के पदाधिकारियों, योगासना स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सदस्यों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम ने योग को जनआंदोलन बनाने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त संदेश दिया।