विश्वकर्मा जयंती पर राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन, बृजमोहन अग्रवाल ने ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने का किया आह्वान
रायपुर में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्रम विभाग द्वारा राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ शामिल हुए। बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके 25 वर्षों के सेवाकाल के अवसर पर लोगों से अपने घरों और मोहल्लों में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने का आह्वान किया। उन्होंने श्रमिकों के स्मार्ट कार्ड, बच्चों के लिए निशुल्क कोचिंग, स्कूल प्रवेश, ऑटो-रिक्शा अनुदान और आगामी रोजगार मेले में 3,000 युवाओं को रोजगार प्रमाण पत्र देने की जानकारी दी।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर श्रम विभाग द्वारा राज्य स्तरीय श्रमिक महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम में श्रमिकों के कल्याण और उनके लिए संचालित योजनाओं को लेकर चर्चा की गई। इस अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का भी उल्लेख किया और उनके 25 वर्षों के सेवाकाल के उपलक्ष्य में लोगों से ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का एक साथ होना विशेष अवसर है। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के निर्माण से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आधुनिक भारत के निर्माण से जोड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सेवाकाल के अभिनंदन के रूप में लोग अपने-अपने घरों और मोहल्लों में ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और प्रसन्न रहने तथा देश सेवा में निरंतर योगदान की कामना भी व्यक्त की।