प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आशीर्वाद के दीपों से जगमगाया जैतपुरी, हर वर्ग में दिखा उत्साह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम जैतपुरी समेत कुंडा मंडल के विभिन्न बूथों में दीप प्रज्वलन, पूजा-अर्चना, स्वच्छता और रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए। अश्वनी यदु के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की।
UNITED NEWS OF ASIA, सौरभ नामदेव, कवर्धा l प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत देश और प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी कड़ी में ग्राम जैतपुरी में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को विशेष और यादगार बनाने के लिए दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनपद पंचायत पंडरिया के सभापति अश्वनी यदु के नेतृत्व में ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। गांव में श्रृंखलाबद्ध दीप प्रज्वलन के साथ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद का दीप जलाया गया। शाम होते ही दीपों की रोशनी से पूरा गांव जगमगा उठा।
कार्यक्रम में महिलाओं, पुरुषों के साथ कॉलेज और स्कूल के बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। अश्वनी यदु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर लोगों में इस बार विशेष उत्साह नजर आ रहा है। ग्रामीण सुबह से ही कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गए थे। चौक-चौराहों, मंदिर परिसर, गुरुस्थल और अन्य सार्वजनिक एवं सामाजिक स्थलों पर साफ-सफाई और पुताई का कार्य किया गया। इसके बाद शाम को इन स्थानों पर दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की गई।
अश्वनी यदु ने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीप का विशेष महत्व है। देश में किसी भी शुभ अवसर पर घर में दीप जलाकर खुशियां मनाने और अपनों के लिए मंगलकामना करने की परंपरा रही है। परिवार में बच्चों के जन्मदिन जैसे अवसरों पर भी दीप जलाकर आरती की जाती है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की जाती है। इसी सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भी ग्रामीणों ने आशीर्वाद का दीप जलाकर उनके स्वस्थ और दीर्घ जीवन की कामना की।
इस दौरान अश्वनी यदु ने ग्राम पटुवा में भी आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख किया। यहां पंचायत के उप सरपंच ददुवा चंद्राकर की अगुवाई में सुबह से अटल चौक की साफ-सफाई और पुताई का कार्य किया गया। गांव में महिलाओं और पुरुषों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर चर्चा रही और लोगों ने दीप जलाकर अपनी शुभकामनाएं देने की बात कही।
कवर्धा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, कुंडा मंडल प्रभारी रुपेश जैन और कुंडा मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में कुंडा मंडल के सभी बूथों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न गांवों में रंगोली प्रतियोगिता, स्वच्छता अभियान और सार्वजनिक स्थलों की पुताई के साथ शाम को दीप प्रज्वलन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं, दीपों की बढ़ी मांग से स्थानीय स्तर पर दीये बेचने वाले लोगों के चेहरे भी खिल उठे। कई विक्रेताओं का कहना रहा कि पूरे साल में जितने दीये नहीं बिकते, उससे कहीं अधिक बिक्री इस आयोजन के दौरान हुई।