विश्व रक्तदान दिवस पर पुलिस और युवा मोर्चा की पहल से दंतेवाड़ा में रक्तदान शिविर आयोजित

विश्व रक्तदान दिवस पर थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा की पहल से दंतेवाड़ा में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। पुलिस जवानों और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने रक्तदान के महत्व पर जानकारी दी और नियमित रक्तदान की अपील की।

Jun 14, 2026 - 18:27
 0  50
विश्व रक्तदान दिवस पर पुलिस और युवा मोर्चा की पहल से दंतेवाड़ा में रक्तदान शिविर आयोजित

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी,  दंतेवाड़ा l दंतेवाड़ा, 14 जून 2026। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर दंतेवाड़ा थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा की मानवीय पहल पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पुलिस जवानों द्वारा जिला अस्पताल दंतेवाड़ा के रक्तदान केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

शिविर में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “रक्तदान करें, जीवन बचाएं” का संदेश प्रमुख रूप से दिया गया।

थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने समाज के सभी सक्षम लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, थैलेसीमिया और कैंसर जैसे रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध होना जीवनरक्षक साबित होता है।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष राहुल असरानी ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता सदैव राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को निभाने का प्रयास किया गया है।

शिविर के दौरान चिकित्सकों की टीम ने सभी रक्तदाताओं के स्वास्थ्य की जांच की और रक्तदान से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि रक्तदान न केवल जरूरतमंदों के लिए उपयोगी है, बल्कि यह दाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है।

इस अवसर पर थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा और राहुल असरानी ने स्वयं भी रक्तदान किया, जिससे अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिली। उनके साथ कई कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भी रक्तदान किया।

रक्तदान करने वालों में राहुल असरानी, गौरव भवानी, पवन कोर्राम, टीकम ठाकुर, अम्बुज परोहा, प्रियंका बेहरा, नंद कुमार साहू, अरुण कुमार, धुर्वा मरकाम, सुखराम कोर्राम, रमलू मंडावी, सुखराम मंडावी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

कार्यक्रम में भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी राजेश बोरबान, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी यादव, पूर्व भाजपा मंडल महामंत्री रुपन मंडल, महिला मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी भारती अठभैया, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शैलेन्द्र ठाकुर, जिला मंत्री विशेष सिंह, युवा मोर्चा जिला कोषाध्यक्ष शिव प्रताप, मंडल अध्यक्ष बृजेश राणा, मंडल महामंत्री राहुल सोनवानी, उपाध्यक्ष नीलेश कुड़ियाम, सोंटी कागदेलवार, नैतिक ठाकुर, राजा सोनवानी सहित बड़ी संख्या में भाजयुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे आगे भी नियमित रूप से रक्तदान करेंगे और समाज में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।