उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से इस्राइल के आर्थिक प्रतिनिधि यैर ओशेरॉफ की सौजन्य भेंट, कृषि और तकनीकी सहयोग पर हुई चर्चा
रायपुर में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से इस्राइल के आर्थिक एवं व्यापारिक प्रतिनिधि यैर ओशेरॉफ ने सौजन्य मुलाकात की। बैठक में भारत-इस्राइल संबंधों को मजबूत बनाने, कृषि, सिंचाई, तकनीकी और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। श्री ओशेरॉफ ने छत्तीसगढ़ में शांति स्थापना और विकास प्रयासों की सराहना की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर । छत्तीसगढ़ और इस्राइल के बीच आर्थिक, वैज्ञानिक एवं तकनीकी सहयोग को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा से इस्राइल के अर्थ मंत्रालय के दक्षिण भारत हेतु आर्थिक एवं व्यापारिक प्रतिनिधि श्री यैर ओशेरॉफ ने उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की।
बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में निरंतर प्रगाढ़ हो रहे द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृषि नवाचार, सिंचाई तकनीक और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में इस्राइल की विशेषज्ञता से प्रदेश को महत्वपूर्ण लाभ मिल सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नवाचार और तकनीकी निवेश को बढ़ावा देने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
श्री ओशेरॉफ ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद समाप्त करने के लिए किए जा रहे ठोस प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित हो रही स्थायी शांति का वातावरण विकास को नई गति देगा और निवेश की संभावनाओं को बढ़ाएगा।
बैठक में दोनों पक्षों के बीच उन्नत तकनीक के आदान-प्रदान, औद्योगिक सहयोग, अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहन तथा नई तकनीकों के माध्यम से रोजगार सृजन पर भी चर्चा की गई। इस्राइल की उन्नत सिंचाई तकनीक, जल प्रबंधन, और कृषि नवाचारों को छत्तीसगढ़ के कृषि क्षेत्र में अपनाने की संभावनाओं पर भी विशेष रूप से विचार किया गया।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि इस्राइल जैसे तकनीकी रूप से सक्षम देश के साथ साझेदारी से छत्तीसगढ़ के उद्योग और कृषि दोनों क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति संभव है। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक सहयोग की दिशा में सकारात्मक कदम साबित होगी।
इस अवसर पर एडिशनल चीफ सेक्रेटरी श्री मनोज पिंगुआ भी उपस्थित रहे। बैठक को दोनों देशों के बीच आर्थिक, वैज्ञानिक और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।