ऑपरेशन निश्चय के तहत तिल्दा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत कार्रवाई करते हुए 8 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोटरसाइकिल समेत कुल 4.75 लाख रुपये की सामग्री जब्त की है।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब आखर, रायपुर। रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 8 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल सहित कुल 4 लाख 75 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 8 अप्रैल 2026 को तिल्दा नेवरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीआर 5280) में दो व्यक्ति सूटकेस और बैग में गांजा रखकर खरोरा की ओर से तिल्दा होते हुए सांकरा की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जोता रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की योजना बनाई।
पुलिस टीम निर्धारित स्थान पर पहुंचकर संदिग्ध वाहन का इंतजार करने लगी। कुछ समय बाद बताई गई मोटरसाइकिल वहां आती दिखाई दी। पुलिस द्वारा घेराबंदी करते ही मोटरसाइकिल के पीछे बैठा एक व्यक्ति मौके से कूदकर फरार हो गया, जबकि वाहन चालक को पुलिस ने पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद सूटकेस और बैग से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये है, उसे भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 4 लाख 75 हजार रुपये का मशरूका पुलिस द्वारा जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुमान माण्डले (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर के रूप में की गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
यह कार्रवाई रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के अंतर्गत की गई है। इस अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
तिल्दा नेवरा थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण कुमार भोई एवं पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है, जिससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें कहीं भी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।