कवर्धा में सुशासन तिहार 2026 की शुरुआत, जन समस्या निवारण शिविर में 85 आवेदन

कवर्धा में सुशासन तिहार 2026 के तहत जन समस्या निवारण शिविर का शुभारंभ हुआ, जिसमें 85 आवेदन प्राप्त हुए और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।

May 1, 2026 - 20:13
 0  0
कवर्धा में सुशासन तिहार 2026 की शुरुआत, जन समस्या निवारण शिविर में 85 आवेदन

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा में सुशासन तिहार 2026 के तहत जन समस्या निवारण शिविर का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। वीर सावरकर भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कलेक्टर गोपाल वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। कुल 85 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत लाभान्वित भी किया गया। इस दौरान ट्रायसाइकिल, राशन कार्ड वितरण के साथ साक्षी राजपूत को सक्षम योजना के तहत 80 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया, जिससे उसे आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि डबल इंजन सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और पुनर्वास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल रही है।

सांसद ने कहा कि वनांचल क्षेत्रों में अब सड़क, पुल-पुलिया, शिक्षा संस्थान और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही तेंदूपत्ता की खरीदी बढ़ी दरों पर होने से वनवासियों को आर्थिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याएं रखें और योजनाओं का लाभ उठाएं।

नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि शिविरों में आधार कार्ड अपडेट, राशन कार्ड और अन्य प्रमाणपत्रों से संबंधित कार्यों को सरल और त्वरित बनाया गया है। जिन आवेदनों का समाधान मौके पर संभव नहीं है, उन्हें उच्च स्तर पर भेजकर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

जिले में सुशासन तिहार के तहत विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन निर्धारित किया गया है, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। यह पहल शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने के साथ-साथ समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।