सुशासन तिहार में वीणा भारती को मिला बीपीएल राशन कार्ड, मौके पर हुआ समाधान

कवर्धा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में वीणा भारती को मौके पर ही बीपीएल राशन कार्ड प्रदान किया गया, जिससे उनके परिवार को बड़ी राहत मिली।

May 1, 2026 - 20:09
 0  0
सुशासन तिहार में वीणा भारती को मिला बीपीएल राशन कार्ड, मौके पर हुआ समाधान

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कवर्धा में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जन समस्या निवारण शिविर आम लोगों के लिए राहत का माध्यम बनता नजर आ रहा है। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसी कड़ी में कबीरधाम जिले की श्रीमती वीणा भारती को शिविर में ही बीपीएल राशन कार्ड प्रदान किया गया, जिससे उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है।

जानकारी के अनुसार, विकासखंड कवर्धा के ग्राम सिंघनपुरी निवासी वीणा भारती का विवाह दो वर्ष पूर्व हुआ था। उनके पति भावेंद्रक लहरे खेती-किसानी से जुड़े हैं और सीमित आय में परिवार का भरण-पोषण करते हैं। विवाह के बाद से ही उनके परिवार के पास राशन कार्ड नहीं था, जिसके कारण उन्हें खाद्यान्न संबंधी कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। छोटे बच्चे के पालन-पोषण के साथ घरेलू खर्चों का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा था।

सुशासन तिहार के तहत वीर सावरकर भवन में आयोजित शिविर में वीणा भारती ने बीपीएल राशन कार्ड के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल पर अधिकारियों ने उनके आवेदन को प्राथमिकता देते हुए तत्काल प्रक्रिया पूरी की। शासन की पारदर्शी और तत्पर व्यवस्था के चलते उनका राशन कार्ड मौके पर ही बनाकर उन्हें सौंप दिया गया।

वीणा भारती ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका काम इतनी जल्दी हो जाएगा। अब बीपीएल राशन कार्ड मिलने से उन्हें हर महीने 35 किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा, जिससे परिवार की खाद्य जरूरतें आसानी से पूरी हो सकेंगी। इससे उनके परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक दबाव भी कम होगा और जीवन स्तर में सुधार आएगा।

वीणा भारती ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया और कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। यह पहल न केवल समस्याओं का समाधान कर रही है, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत कर रही है।