एसआईआर समीक्षा बैठक: कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बीएलओ को 30 नवंबर तक डिजिटाइजेशन पूर्ण करने के दिए निर्देश
कवर्धा में कलेक्टर गोपाल वर्मा ने नगरपालिका कार्यालय में बीएलओ की बैठक लेकर एसआईआर फॉर्म कलेक्शन और डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने 30 नवंबर तक कार्य पूर्ण करने, घर-घर संपर्क बढ़ाने और कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA.कवर्धा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत कलेक्टर गोपाल वर्मा ने नगरपालिका कार्यालय में नगर क्षेत्र के सभी बीएलओ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की वर्तमान स्थिति की वार्डवार समीक्षा करते हुए कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील और समयबद्ध कार्य है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर वर्मा ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि 30 नवंबर तक फॉर्म कलेक्शन और डिजिटाइजेशन का संपूर्ण कार्य हर हाल में पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक मतदाता तक पहुंचकर फॉर्म एकत्र करें और उन्हें तुरंत ऑनलाइन अपडेट करें, ताकि पुनरीक्षण कार्य सटीकता एवं गति के साथ आगे बढ़ सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जहां प्रगति संतोषजनक नहीं है, वहां अतिरिक्त सहयोगियों की मदद उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही कम प्रगति वाले वार्डों में विशेष निगरानी के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
फॉर्म कलेक्शन को प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर ने बीएलओ से कहा कि सुबह और शाम के समय घर-घर संपर्क करें, क्योंकि इन समयों में नागरिकों के उपलब्ध रहने की संभावना अधिक होती है। इससे संपर्क सुगम होगा और डिजिटाइजेशन कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जा सकेगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेंद्र पैंकरा, एसडीएम चेतन साहू, सीएमओ रोहित साहू, बीएलओ सहित नगर क्षेत्र के अभिविहित अधिकारी उपस्थित रहे।