उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर गौ अभ्यारण निर्माण के लिए अधिकारियों व ग्रामीणों की संयुक्त बैठक
कवर्धा के सरेखा–बेंदरची में निर्माणाधीन गौ अभ्यारण की प्रगति और व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें मूलभूत सुविधाओं, पशु देखभाल, पैरादान और सुरक्षा उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर जिले के सरेखा–बेंदरची क्षेत्र में निर्माणाधीन गौ अभ्यारण के विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु गौ अभ्यारण परिसर में एक वृहद संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य गौ अभ्यारण के आधारभूत ढांचे, संचालन व्यवस्था और भविष्य की कार्ययोजना को सुव्यवस्थित रूप देना रहा।
बैठक में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सुगम आवागमन मार्ग, स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, व्यापक पौधरोपण, मजबूत बॉन्ड्रीवाल, भू-भाग की सुरक्षा, पशुओं की देखभाल, नियमित पैरा संकलन और पैरादान व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही गौ अभ्यारण को दीर्घकालीन रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए आवश्यक उपायों पर भी विचार किया गया।
बैठक में नितेश अग्रवाल, लोकचंद साहू, नरेन्द्र मानिकपुरी सहित उपमुख्यमंत्री कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त सरेखा, जैतपूरी, बेंदरची समेत आसपास के ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
ग्रामीणों ने गौ अभ्यारण में बुनियादी सुविधाओं के शीघ्र निर्माण पर जोर देते हुए प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने भी ग्रामीणों से अपील की कि वे चारा संग्रहण, पैरादान, पौधरोपण और संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
उपमुख्यमंत्री शर्मा के निर्देशानुसार गौ अभ्यारण के सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि आवारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध हो सके और क्षेत्र में पशु संरक्षण को एक नई दिशा मिल सके। इससे न केवल गौवंश संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण सहभागिता भी मजबूत होगी।