कनाडा दौरे पर रवाना हुए सतीश थौरानी, बोले- वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान बनाएगा छत्तीसगढ़

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में कनाडा दौरे पर रवाना हुए छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि यह दौरा प्रदेश को वैश्विक निवेश और उद्योग के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

May 24, 2026 - 19:49
 0  2
कनाडा दौरे पर रवाना हुए सतीश थौरानी, बोले- वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान बनाएगा छत्तीसगढ़

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ के व्यापार और उद्योग जगत के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल कनाडा दौरे पर रवाना हुआ। इस प्रतिनिधिमंडल में सतीश थौरानी का शामिल होना प्रदेश के व्यापारिक समुदाय के लिए गौरव और नई संभावनाओं का प्रतीक माना जा रहा है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के इतिहास में यह पहला अवसर है जब संगठन का कोई प्रतिनिधि केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की औद्योगिक और व्यापारिक क्षमता का प्रतिनिधित्व करेगा।

कनाडा दौरे को छत्तीसगढ़ के औद्योगिक भविष्य और वैश्विक निवेश संभावनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है। इस यात्रा के दौरान सतीश थौरानी कनाडा के उद्योगपतियों, निवेशकों और व्यापारिक संगठनों से मुलाकात करेंगे तथा छत्तीसगढ़ को निवेश और उद्योग के उभरते केंद्र के रूप में प्रस्तुत करेंगे। माना जा रहा है कि इस पहल से प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करने और वैश्विक व्यापारिक नेटवर्क से जुड़ने में मदद मिलेगी।

दौरे पर रवाना होने से पहले सतीश थौरानी ने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदाय के सम्मान और विश्वास का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्राकृतिक संसाधनों, ऊर्जा, स्टील, फूड प्रोसेसिंग, आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है और निवेशकों के लिए नई संभावनाओं का केंद्र बनता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से औद्योगिक विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उद्योग हितैषी नीतियां, मजबूत आधारभूत संरचना और युवा मानव संसाधन प्रदेश को निवेशकों के लिए आकर्षक बना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कनाडा दौरे के बाद प्रदेश में नए निवेश, नए उद्योग और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी होगी।

सतीश थौरानी ने कहा कि छत्तीसगढ़ को अब केवल खनिज संपदा वाले राज्य के रूप में नहीं, बल्कि आधुनिक उद्योग, नवाचार और वैश्विक साझेदारी के नए केंद्र के रूप में पहचान दिलाने की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दौरा प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय निवेश मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान चेम्बर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें राधाकिशन सुंदरानी, जसप्रीत सिंह सलूजा, कपिल दोशी, लोकेश चंद्रकांत जैन, दिलीप इसरानी, जितेंद्र शादीजा, मनीष प्रजापति, अशोक छेतीजा, अजय जयसिंघानी, राहुल खुबचंदानी, पंकज जैन, धनेश मटलानी, आकाश डुडानी और डॉ. ईला गुप्ता सहित अनेक व्यापारी नेता शामिल रहे।

व्यापार जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि यह दौरा छत्तीसगढ़ की आर्थिक प्रगति और वैश्विक निवेश संभावनाओं को नई दिशा देने वाला साबित हो सकता है।