उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का अर्थ केवल आर्थिक प्रगति नहीं, बल्कि ऐसा राज्य बनाना है जहां किसान सशक्त हों, महिलाएं आत्मनिर्भर बनें, युवाओं को गुणवत्तापूर्ण रोजगार मिले, अधोसंरचना मजबूत हो और आर्थिक विकास के साथ सामाजिक संतुलन भी बना रहे। अतुल पर्वत के अनुसार यह सभी लक्ष्य संकल्प बजट 2026-27 में स्पष्ट रूप से परिलक्षित होते हैं।
अतुल पर्वत ने बताया कि सरकार द्वारा सामाजिक क्षेत्र को लगभग 40 प्रतिशत प्राथमिकता देना इस बात का संकेत है कि मानव विकास को राज्य की नीति का केंद्र बनाया गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के कौशल विकास पर बढ़ा हुआ निवेश प्रदेश को वर्ष 2047 तक ज्ञान एवं कौशल आधारित अर्थव्यवस्था में परिवर्तित करने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कृषक उन्नति योजना, सिंचाई विस्तार तथा कृषि आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन जैसे प्रावधान प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देंगे। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी, बल्कि गांवों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
अतुल पर्वत ने आगे कहा कि पूंजीगत व्यय में वृद्धि, सड़कों का विस्तार, उद्योगों को बढ़ावा, डिजिटल कनेक्टिविटी और औद्योगिक कॉरिडोर पर विशेष फोकस छत्तीसगढ़ को निवेश के आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा और युवा वर्ग को अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
महिला सशक्तिकरण को लेकर उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए संपत्ति पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत छूट, रानी दुर्गावती योजना तथा स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के प्रयास सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक भागीदारी को बढ़ाएंगे। यह पहल विकसित राज्य की पहचान को और मजबूत करेगी।
अतुल पर्वत ने विशेष रूप से पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों — बस्तर और सरगुजा — में शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को समावेशी विकास का ठोस उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश का अंतिम व्यक्ति भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा, तभी विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का सपना साकार होगा।
उन्होंने इस बजट के लिए विष्णु देव साय और ओपी चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट दूरदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और जनसंवेदनशीलता का संतुलित उदाहरण है।
अंत में अतुल पर्वत ने विश्वास व्यक्त किया कि संकल्प बजट 2026-27 वास्तव में विकसित छत्तीसगढ़ 2047 की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगा और प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध तथा देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा।