रानीदाहरा में कबड्डी प्रतियोगिता के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश, करीब 50 टीमों ने लिया हिस्सा

कबीरधाम के वनांचल क्षेत्र रानीदाहरा में कबड्डी प्रतियोगिता और साइबर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बेमेतरा सहित सीमावर्ती क्षेत्रों की करीब 50 टीमों ने हिस्सा लिया। ‘नमस्ते साइबर’ अभियान के तहत ग्रामीणों और खिलाड़ियों को ऑनलाइन ठगी, OTP फ्रॉड, फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई।

Sep 20, 2026 - 17:34
 0  2
रानीदाहरा में कबड्डी प्रतियोगिता के साथ साइबर सुरक्षा का संदेश, करीब 50 टीमों ने लिया हिस्सा

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम। थाना सिंघनपुरी जंगल क्षेत्र के वनांचल गांव रानीदाहरा में कबीरधाम पुलिस की ओर से कबड्डी प्रतियोगिता और साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच संवाद को मजबूत करना, युवाओं को खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत ‘नमस्ते साइबर’ संदेश के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण और खिलाड़ी शामिल हुए।

रानीदाहरा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बेमेतरा सहित आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों की करीब 50 टीमों ने भाग लिया। अलग-अलग टीमों के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आयोजन के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।

खेल प्रतियोगिता के साथ पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और खिलाड़ियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में जानकारी दी। पुलिस ने लोगों को साइबर अपराधों के बदलते तरीकों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में सावधानी बरतने की समझाइश दी।

ग्रामीणों को विशेष रूप से बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM या डेबिट कार्ड से जुड़ी जानकारी, बैंक खाते के गोपनीय विवरण और पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। साथ ही अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी। जागरूकता कार्यक्रम में डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने पर जोर दिया गया।

कबीरधाम पुलिस के अनुसार, सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस-जन संवाद और सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। खेल प्रतियोगिताओं के जरिए ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उन्हें साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना भी इस पहल का हिस्सा है। पुलिस और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद से स्थानीय स्तर पर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक प्रशांत देवांगन के दिशा-निर्देशन में आयोजित किया गया। थाना प्रभारी सिंघनपुरी जंगल राजेश चांट के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। मौके पर पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, अध्यक्ष समर सिंह, ग्राम पटेल खेदू राम साहू, ग्राम खेल समिति के अध्यक्ष गोविंद साहू सहित जनप्रतिनिधि, ग्राम खेल समिति के सदस्य, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम रानीदाहरा के ग्रामीणों, ग्राम खेल समिति और कबीरधाम पुलिस की महत्वपूर्ण सहभागिता रही। कबड्डी प्रतियोगिता के माध्यम से जहां ग्रामीण युवाओं को खेल प्रतिभा दिखाने का मंच मिला, वहीं ‘नमस्ते साइबर’ अभियान के जरिए ग्रामीणों और खिलाड़ियों तक साइबर सुरक्षा से जुड़े जरूरी संदेश पहुंचाए गए।