दंतेवाड़ा में राज्योत्सव (रजत महोत्सव)-2025 का भव्य समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय आदर्श विद्यालय और स्टालों में महिला बाल विकास विभाग रहे अव्वल

दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती के अवसर पर तीन दिवसीय राज्योत्सव (रजत महोत्सव)-2025 का समापन मेंढ़का डोबरा मैदान में भव्य आयोजन के साथ हुआ। समापन समारोह में विधायक चैतराम अटामी, कलेक्टर कुणाल दुदावत और महिला आयोग सदस्य ओजस्वी मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय आदर्श विद्यालय प्रथम और स्टाल प्रतियोगिता में महिला बाल विकास विभाग को प्रथम स्थान मिला।

Nov 6, 2025 - 11:54
 0  15
दंतेवाड़ा में राज्योत्सव (रजत महोत्सव)-2025 का भव्य समापन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शासकीय आदर्श विद्यालय और स्टालों में महिला बाल विकास विभाग रहे अव्वल

UNITED NEWS OF ASIA. असीम पाल, दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में दंतेवाड़ा जिले में तीन दिवसीय राज्योत्सव (रजत महोत्सव)-2025 का आज भव्य समापन हुआ। माँ दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण स्थित मेंढ़का डोबरा मैदान में आयोजित इस उत्सव ने जिले की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और विकास की उपलब्धियों को एक मंच पर प्रस्तुत किया।

 

2 से 4 नवंबर तक चले इस तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान दंतेवाड़ा की लोक-संस्कृति, पारंपरिक नृत्य, हस्तशिल्प प्रदर्शनी, विभागीय स्टालों और रंगारंग कार्यक्रमों ने नागरिकों को उत्साह और गर्व से भर दिया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी ने अपने संबोधन में कहा कि “आज का दिन हम सबके लिए गर्व का क्षण है। स्वर्गीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में बना छत्तीसगढ़ आज 25 वर्षों में विकास के नये आयाम गढ़ चुका है। दंतेवाड़ा जैसे जिले में शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक परिवर्तन राज्य की सफलता की मिसाल हैं।”

 

उन्होंने बताया कि एजुकेशन सिटी जावंगा के विद्यार्थी डॉक्टर, इंजीनियर और सिविल सेवक बनकर देशभर में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। साथ ही ‘लक्ष्य’ और ‘छू लो आसमान’ जैसी संस्थाओं ने ग्रामीण अंचलों के युवाओं के भविष्य को नई दिशा दी है।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य

 ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी और उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम ने राज्योत्सव की सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि “यह उत्सव दंतेवाड़ा की संस्कृति, एकता और प्रगति की झलक है। आने वाले वर्षों में दंतेवाड़ा निश्चित ही विकास की नई मिसाल बनेगा।”

 

कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि “राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की संस्कृति, बोली, लोककला और विकास यात्रा का प्रतीक है। इस बार हम राज्य की 25वीं वर्षगांठ मना रहे हैं, जो हम सबके लिए ऐतिहासिक है।” उन्होंने बताया कि विभागीय स्टालों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनता को राज्य की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शासकीय आदर्श विद्यालय ने प्रथम, डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और कन्या शिक्षा परिसर पातररास ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं स्टाल प्रतियोगिता में महिला बाल विकास विभाग प्रथम, आदिवासी विकास विभाग द्वितीय और स्कूल शिक्षा विभाग तृतीय स्थान पर रहा।

 

कार्यक्रम के दौरान विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।

समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य कमला नाग, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे, अधिकारी-कर्मचारी, नागरिक, शिक्षक और छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

राज्योत्सव-2025 ने दंतेवाड़ा में विकास, संस्कृति और सामूहिक उत्सव की भावना को सशक्त बनाया — जिससे यह आयोजन एक अविस्मरणीय स्मृति बन गया।