राजनांदगांव रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत, तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज

राजनांदगांव के मनगटा स्थित एक रिसॉर्ट में 24 वर्षीय युवती मुस्कान तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद होगा।

Jun 21, 2026 - 11:09
 0  3
राजनांदगांव रिसॉर्ट में युवती की संदिग्ध मौत, तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज

UNITED NEWS OF ASIA. नेमिश अग्रवाल, राजनांदगांव l राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मनगटा स्थित व्हिस्लिंग वुड्स रिसॉर्ट में एक 24 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। गुरुवार सुबह युवती का शव रिसॉर्ट के बाथरूम में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में तीन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान मुस्कान तिवारी, पिता जगमोहन तिवारी, निवासी भिलाई-3 जिला दुर्ग के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 5 बजे युवती बाथरूम में मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की

सोमनी पुलिस ने आशुतोष हिरवानी, बेलचंदन और छत्रपाल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपी भिलाई क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने रिसॉर्ट परिसर को सुरक्षित करते हुए साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की।

घटनास्थल पर सीएसपी वैशाली जैन, लालबाग थाना प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे। एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय रिसॉर्ट में कुल आठ लोग मौजूद थे। इनमें तीन युवक और दो युवतियां भिलाई क्षेत्र से पहुंचे थे, जबकि तीन युवक रायपुर से आए थे। सभी की उम्र लगभग एक ही आयु वर्ग की बताई जा रही है। पुलिस सभी मौजूद लोगों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।

जांच के दौरान रिसॉर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले और बाद में क्या गतिविधियां हुईं तथा युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार फिलहाल यह मामला संदिग्ध मौत के रूप में दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे किसी प्रकार की साजिश अथवा अन्य वजह है। पुलिस ने कहा है कि जांच के आधार पर आगे विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।