ठेमली आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं और बच्चों के पोषण पर दिया जोर
नगरी ब्लॉक के आंगनबाड़ी केंद्र ठेमली में सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष महेश गोटा ने महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए पोषण, स्वच्छता और महिला आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। सुपरवाइजर नर्मदा सोम ने भी विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी दी।
UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l नगरी ब्लॉक के ग्राम ठेमली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद अध्यक्ष महेश गोटा मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। आयोजन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों से जुड़ी शासन की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने के साथ पोषण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद अध्यक्ष महेश गोटा ने कहा कि विष्णुदेव सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बच्चों को कुपोषण से दूर रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र इन योजनाओं और जागरूकता गतिविधियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महेश गोटा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को पौष्टिक भोजन, घर में स्वच्छता बनाए रखने और बच्चों की साफ-सफाई से जुड़ी जरूरी जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही जलजनित बीमारियों से बचाव, बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन देने तथा दैनिक आहार में विभिन्न प्रकार के पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करने के संबंध में भी ग्रामीण परिवारों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं और ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर नर्मदा सोम ने विभागीय योजनाओं और गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के प्रचार-प्रसार और इसके महत्व के बारे में बताया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए संचालित ईसीसी गतिविधियों, कुपोषण में कमी लाने के प्रयासों, एनआरसी, न्योता भोज और खिलौना गतिविधियों सहित अन्य विभागीय कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी गई।
नर्मदा सोम ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ-साथ परिवारों को पोषण और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में मुकुन्दपुर के पूर्व सरपंच राजेश कोर्राम, बासपानी के पूर्व सरपंच रामसिंह मरकाम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं की जानकारी और पोषण संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।