राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, हैदराबाद से 3 आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। हैदराबाद से तीन आदतन आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही।

Apr 6, 2026 - 13:01
 0  2
राजनांदगांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, हैदराबाद से 3 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर रायपुर। राजनांदगांव जिले की बसंतपुर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आदतन आरोपियों को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को जिले में हाल के समय की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

यह मामला 14 मार्च 2026 का है, जब जीवन-ए कॉलोनी निवासी एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देर रात 3 से 4 अज्ञात लोग उसके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और उसे डराकर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा लक्ष्मीनगर क्षेत्र में भी मोटरसाइकिल चोरी और घरों में ताला तोड़कर चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में बसंतपुर थाना में अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में साइबर सेल और बसंतपुर थाना की टीम को शामिल किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर यह पता चला कि आरोपी दुर्ग-भिलाई की ओर भागे हैं। इसके बाद पुलिस ने दुर्ग, भिलाई, रायपुर और बिलासपुर के फुटेज की भी जांच की, जिससे आरोपियों के हैदराबाद पहुंचने की पुष्टि हुई।

पुलिस टीम को तुरंत हैदराबाद रवाना किया गया, जहां लगातार दो दिनों की मेहनत के बाद आरोपियों की पहचान कर उन्हें घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में शशी कुमार (23 वर्ष), सेट्टी विजय (45 वर्ष) और सेट्टी सूर्या (31 वर्ष) शामिल हैं, जो हैदराबाद के शेट्टी गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने राजनांदगांव के जीवन आवास कॉलोनी में एक ही रात में तीन स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके बाद वे दुर्ग-भिलाई होते हुए ट्रेन से बिलासपुर पहुंचे और वहां भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बाद में वे फिर से हैदराबाद फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी के दिए, कटोरे, बिछिया, कान के टॉप्स, कड़े, बाजूबंद, सोने के टॉप्स और लॉकेट सहित कई कीमती सामान बरामद किए हैं। साथ ही घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी जब्त किया गया है।

आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। वहीं, इस गिरोह के अन्य दो आरोपियों की तलाश अभी जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, थाना प्रभारी एमन साहू सहित कई पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि वे घर खाली छोड़कर कहीं जा रहे हैं तो इसकी जानकारी अपने पड़ोसियों और नजदीकी थाने को जरूर दें, ताकि पुलिस समय रहते निगरानी कर सके और चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।