कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के 10 प्रकरणों में 12 आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम जिले में अवैध शराब बिक्री, शराब पिलाने की सुविधा और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए 10 आबकारी प्रकरण दर्ज किए हैं। कार्रवाई में 12 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने 29.640 लीटर देशी शराब, 2,520 रुपये बिक्री रकम और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। कुल जब्ती की कीमत 44,560 रुपये बताई गई है।

Oct 4, 2026 - 15:57
 0  2
कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के 10 प्रकरणों में 12 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l कबीरधाम जिले में अवैध शराब की बिक्री, शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित पटेल के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

दिनांक 02, 03 और 04 अक्टूबर 2026 को की गई कार्रवाई में कुल 10 आबकारी प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 29.640 लीटर देशी शराब, 2,520 रुपये बिक्री रकम और शराब के परिवहन में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल जब्त की। जब्त शराब, नकदी और वाहन सहित कुल जब्ती की कीमत 44,560 रुपये बताई गई है।

थाना सिटी कोतवाली कवर्धा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर अवैध शराब बिक्री के चार मामलों में कार्रवाई की। राजनांदगांव बायपास तिराहा रोड, नहर किनारे शराब बिक्री करते धनुष सिंह ठाकुर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 60 पौवा देशी प्लेन शराब, कुल 10.800 बल्क लीटर, जिसकी कीमत 4,800 रुपये थी, और 320 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। कुल जब्ती 5,120 रुपये की रही।

132 केवी सब स्टेशन के पास भोरमदेव रोड पर कुन्दन मोंगरे को 21 पौवा देशी प्लेन शराब के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने 3.780 लीटर शराब और 360 रुपये बिक्री रकम जब्त की। इसी तरह ट्रांसपोर्ट नगर में विजय सारथी के कब्जे से 15 पौवा यानी 2.700 लीटर शराब और 220 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। नया बस स्टैंड, जुनवानी रोड पर पीन्टू उर्फ दयालु यादव के पास से भी 15 पौवा देशी प्लेन शराब और 240 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई।

थाना पिपरिया पुलिस ने बिरकोना रोड, बिजली ऑफिस के पास रवि धुर्वे और अविनाश साहू को अवैध शराब के साथ पकड़ा। दोनों के कब्जे से 7.020 लीटर शराब, जिसकी कीमत 3,120 रुपये थी, बरामद की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09-JP-0918 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत 30 हजार रुपये बताई गई है।
मिलन चौक नवघटा में सुखदेव राजपूत के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2.700 लीटर शराब और 200 रुपये बिक्री रकम जब्त की गई। थाना कुकदुर पुलिस ने ग्राम कोदवागोडान में राम धुर्वे को 2.340 लीटर शराब और 280 रुपये बिक्री रकम के साथ पकड़ा।

थाना पंडरिया पुलिस ने ग्राम खैरडोगरी में लोगों को शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के आरोप में सीमा साहू के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की। वहीं थाना भोरमदेव पुलिस ने राजानवागांव और छपरी में सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करते पाए गए डाकेश्वर निषाद और कन्हैया धुर्वे के खिलाफ धारा 36(च)(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया।

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब की बिक्री, शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।