गुढ़ियारी में ज्वेलर्स दुकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में दीवार में छेद कर की गई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा रामनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल ज्वेलरी और घटना में प्रयुक्त वाहनों समेत करीब 14.51 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है।

Oct 4, 2026 - 15:42
 0  3
गुढ़ियारी में ज्वेलर्स दुकान चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा पुलिस चौकी रामनगर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विशाल सचदेव और सूरज ढीमर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घटना का मुख्य आरोपी विशाल सचदेव है, जबकि एक अन्य आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक 30 सितंबर 2026 की सुबह ज्वेलर्स दुकान के संचालक सुनील जैन ने दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। दुकान की दाहिनी ओर की दीवार में बड़ा छेद था और डिस्प्ले में रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। इसके बाद गुढ़ियारी थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 430/26 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ दुकान के कर्मचारियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के हजारों फुटेज खंगाले। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही मुखबिरों से जानकारी जुटाकर चोरी के पुराने मामलों में शामिल आरोपियों और हाल ही में जेल से रिहा हुए संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
जांच से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने विशाल सचदेव और सूरज ढीमर को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलर्स दुकान में चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार विशाल सचदेव ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू की थी। फैक्ट्री के नहीं चलने के कारण उस पर आर्थिक दबाव बढ़ गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने ज्वेलर्स दुकानों की रेकी की और रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स को निशाना बनाया।

आरोपियों ने 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में आधा छेद किया था। इसके बाद 29-30 सितंबर की रात दोबारा पहुंचकर छेद को बड़ा किया और दुकान के अंदर प्रवेश कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद सामान में करीब 50 हजार रुपये कीमत के सोने के आभूषण, लगभग 3.5 किलोग्राम वजन की 7 लाख 91 हजार 700 रुपये कीमत की चांदी की ज्वेलरी, 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त स्वीफ्ट कार क्रमांक CG 04 MT 8303 और बिना नंबर की एक्टिवा शामिल है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 14 लाख 51 हजार 700 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने विशाल सचदेव, उम्र 38 वर्ष, निवासी रायपुर और सूरज ढीमर, उम्र 32 वर्ष, निवासी जबलपुर, मध्यप्रदेश, हाल निवासी महासमुंद को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।